भारत पर 25 फीसदी टैरिफ का अमेरिकी प्रस्ताव, व्यापार समझौते से घट सकती है दर

WhatsApp Channel Join Now


नई दिल्ली, 25 नवंबर (हि.स.)। भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते को लेकर जारी बातचीत के बीच वाशिंगटन ने भारतीय उत्पादों पर 25 प्रतिशत तक अतिरिक्त टैरिफ लगाने का प्रस्ताव दिया है। हालांकि, दोनों देशों के बीच औपचारिक व्यापार समझौता होने की स्थिति में यह दर घटाकर 17 प्रतिशत की जा सकती है। अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (यूएसटीआर) ने बुधवार को जारी अपनी रिपोर्ट में यह प्रस्ताव रखा।

यूएसटीआर के मुताबिक, भारत से आयात होने वाले उत्पादों पर 25 प्रतिशत तक अतिरिक्त शुल्क लगाया जा सकता है। यह शुल्क पहले से लागू सेक्शन 301 टैरिफ के अतिरिक्त होगा। हालांकि, कुछ उत्पादों को प्रस्तावित शुल्क से छूट देने का प्रावधान भी रखा गया है। कार्यालय ने कहा कि यदि भारत अमेरिका के साथ पारस्परिक व्यापार समझौता करता है तो अतिरिक्त टैरिफ की दर 17 प्रतिशत तक रखी जा सकती है।

प्रस्तावित दर के अनुसार, भारत पर लगने वाला 17 प्रतिशत शुल्क बांग्लादेश, कंबोडिया, इंडोनेशिया, मलेशिया और थाईलैंड पर प्रस्तावित 18 प्रतिशत टैरिफ से कम होगा। वहीं, वियतनाम पर 20 प्रतिशत शुल्क लगाया जाना है। चीन पर भी मौजूदा शुल्कों के अतिरिक्त 20 प्रतिशत टैरिफ निर्धारित किया गया है।

यूएसटीआर ने अपनी जांच में भारत की विनिर्माण नीतियों और विभिन्न क्षेत्रों में उत्पादन की अतिरिक्त क्षमता को अमेरिकी व्यापार के लिए अनुचित और बाधा उत्पन्न करने वाला बताया है। कार्यालय का कहना है कि भारत की ये नीतियां 1974 के अमेरिकी व्यापार अधिनियम की धारा 301 के तहत कार्रवाई योग्य हैं। इसी आधार पर अतिरिक्त शुल्क लगाने का प्रस्ताव किया गया है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783272 Articles

Share this story