अमेरिकी नौसेना सचिव जॉन फेलन बर्खास्त

WhatsApp Channel Join Now
अमेरिकी नौसेना सचिव जॉन फेलन बर्खास्त


अमेरिकी नौसेना सचिव जॉन फेलन बर्खास्त


वाशिंगटन, 23 अप्रैल (हि.स.)। अमेरिका नौसेना के बड़े अधिकारी को ट्रंप प्रशासन से विदा कर दिया गया है। पेंटागन ने बुधवार को नौसेना सचिव जॉन फेलन की बर्खास्तगी की आधिकारिक घोषणा की। घोषणा में कहा गया, ''नौसेना सचिव जॉन फेलन तत्काल प्रभाव से ट्रंप प्रशासन छोड़ देंगे।'' ईरान के साथ जारी टकराव के बीच फेलन को इस तरह हटाए जाने से वरिष्ठ सैन्य अधिकारी सकते में हैं।

एनबीसी न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार पेंटागन के प्रवक्ता शॉन पार्नेल ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि जॉन फेलन का जाना तुरंत प्रभावी होगा। नौसेना के अवर सचिव हंग काओ को कार्यवाहक सचिव नियुक्त किया गया है। पार्नेल ने लिखा, युद्ध सचिव और उप युद्ध सचिव की ओर से हम विभाग और संयुक्त राज्य की नौसेना के प्रति उनकी सेवा के लिए सचिव फेलन के आभारी हैं। हम उन्हें भविष्य के लिए उन्हें शुभकामनाएं देते हैं।

फेलन हाल के महीनों में ट्रंप प्रशासन से विदा होने वाले उच्च-रैंकिंग वाले सैन्य नेता हैं। नौसेना ने उन्हें हटाए जाने का कोई कारण नहीं बताया है। कुछ हफ्ते पहले इसी तरह सेना के चीफ ऑफ स्टाफ़ रैंडी जॉर्ज को भी हटाया जा चुका है। जनरल डेविड होडने और मेजर जनरल विलियम ग्रीन को भी हाल ही में उनके पदों से हटाया जा चुका है। कहा जा रहा है कि पेंटागन में आने के बाद से रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने एक दर्जन से अधिक वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों को बर्खास्त किया है। इनमें नेवल ऑपरेशंस के चीफ और वायु सेना के वाइस चीफ ऑफ़ स्टाफ शामिल हैं।

जॉन फेलन को ऐसे नाजुक मोड़ पर हटाया गया है, जब अमेरिकी नौसेना ईरान के बंदरगाहों और जहाजों की घेराबंदी करने में जुटी है। साथ ही होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास अपनी भारी मौजूदगी बनाए हुए है। कई सैन्य अधिकारियों का मानना है कि यह बर्खास्तगी फेलन की रक्षा सचिव पीट हेगसेथ और पेंटागन के दूसरे सबसे बड़े अधिकारी स्टीफन फेनबर्ग के बीच बढ़ते तनाव के बाद हुई है। जहाज निर्माण के मामले में फेलन जिस गति और तरीके से काम कर रहे थे, वह इन दोनों को पसंद नहीं था। पिछले दिनों फेलन से कुछ अधिकार भी छीन लिए गए थे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Share this story