होर्मुज में टोल वसूली पर अमेरिका की सख्त चेतावनी, ओमान को भी दी कार्रवाई की धमकी

WhatsApp Channel Join Now


वॉशिंगटन, 29 मई (हि.स.)। अमेरिका ने ओमान को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि उसने होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों से टोल वसूली की किसी भी व्यवस्था में ईरान का सहयोग किया, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सकती है। अमेरिकी प्रशासन ने साफ किया है कि वह इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग पर किसी भी प्रकार का नियंत्रण या शुल्क व्यवस्था स्वीकार नहीं करेगा।

अमेरिकी ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट ने कहा कि अमेरिका हॉर्मुज जलडमरूमध्य में किसी तरह का टोल सिस्टम लागू नहीं होने देगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जो भी देश, कंपनी या व्यक्ति इस तरह की व्यवस्था में शामिल होगा, उसके खिलाफ अमेरिका आक्रामक कदम उठा सकता है।

बेसेंट ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से भी अपील की कि वे ईरान के उन प्रयासों का समर्थन न करें, जिनसे वैश्विक समुद्री व्यापार और ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित हो सकती है।

होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापारिक मार्गों में शामिल है और वैश्विक तेल आपूर्ति का बड़ा हिस्सा इसी रास्ते से होकर गुजरता है। ऐसे में इस क्षेत्र को लेकर बढ़ते तनाव पर दुनियाभर की नजरें बनी हुई हैं।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story