इजराइल और लेबनान के बीच सीधी वार्ता के दूसरे दौर की मेजबानी करेगा अमेरिका
वाशिंगटन, 23 अप्रैल (हि.स.)। इजराइल और लेबनान के प्रतिनिधियों के बीच सीधी बातचीत का दूसरा दौर आज यहां विदेश विभाग में शुरू होगा। दोनों देशों के बीच 10 दिवसीय संघर्ष विराम लागू है। इस अवधि 26 अप्रैल को खत्म होनी है। पहले दौर की वार्ता के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 16 अप्रैल को इस संघर्ष विराम की घोषणा की थी। लेबनान में सक्रिय ईरान समर्थक आतंकी समूह हिजबुल्लाह इस वार्ता का शुरू से विरोध कर रहा है।
सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार इजराइली और लेबनानी प्रतिनिधि गुरुवार को वाशिंगटन में कूटनीतिक वार्ता के दूसरे दौर के लिए मिलने वाले हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि लेबनान में संघर्ष विराम की चाबी ट्रंप के पास है। इजराइल अपनी आत्मरक्षा के लिए दृढ़ संकल्पित है। वह लेबनान में हिजबुल्लाह पर लगातार हमले कर रहा है।
लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स के प्रो. फवाज़ गर्गेस ने कहा, सिर्फ राष्ट्रपति ट्रंप ही अपने इजराइली समकक्ष बेंजामिन नेतन्याहू पर सचमुच दबाव डाल सकते हैं। इजराइल उनके अलावा किसी का दबाव स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने कहा ट्रंप ने ही सोशल ट्रुथ पर संघर्ष विराम का एलान किया था। प्रो. गर्गेस ने कहा कि पहले दौर में दोनों देशों के बीच हुआ समझौता इजराइल को आत्मरक्षा में सभी जरूरी कदम उठाने के अपने अधिकार को बनाए रखने की इजाजत देता है। इस समझौते में कहा गया कि लेबनान सरकार को हिजबुल्लाह को हमले करने से रोकना होगा।
बताया गया है कि वाशिंगटन में दूसरे दौर की वार्ता का मकसद 10 दिवसीय संघर्ष विराम को बढ़ाना है। इस वार्ता में लेबनान की राजदूत नादा हमदेह और उनके इजराइली समकक्ष येचिएल लीटर के अलावा अमेरिकी अधिकारियों के शामिल होने की उम्मीद है। यह वार्ता दक्षिण लेबनान में जमीनी स्थिति और हिजबुल्लाह-इजराइल के बीच जारी तनाव को कम करने के लिए की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

