पश्चिम एशिया में संघर्ष के बीच हजारों लोग फंसे, कई देश चला रहे निकासी अभियान

WhatsApp Channel Join Now

दुबई/लंदन/वॉशिंगटन, 03 मार्च (हि.स.)। अमेरिका-इजराइल और ईरान के कारण पश्चिम एशिया में हालात लगातार जटिल होते जा रहे हैं। खाड़ी क्षेत्र के हवाई क्षेत्र बंद होने और प्रमुख एयरलाइनों के उड़ानें रद्द किए जाने से हजारों लोग अलग-अलग देशों में फंसे हुए हैं। कई यात्री हवाई अड्डों, होटलों और क्रूज जहाजों पर इंतजार कर रहे हैं, जबकि कुछ को हवाई हमलों के बीच सुरक्षित ठिकानों में शरण लेनी पड़ी है।

अमेरिकी विदेश विभाग ने क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक देशों में मौजूद अपने नागरिकों से जल्द से जल्द सुरक्षित स्थानों की ओर निकलने की अपील की है। इजराइल में तैनात अमेरिकी राजदूत ने नागरिकों को मिस्र के सीनाई प्रायद्वीप के रास्ते बाहर निकलने की सलाह दी है।

जर्मनी के लगभग 30 हजार पर्यटक मध्य-पूर्व में फंसे बताए जा रहे हैं। दुबई से फ्रैंकफर्ट के लिए विशेष उड़ान शुरू की गई है। फ्रांस ने भी हजारों नागरिकों की वापसी की तैयारी तेज कर दी है। अनुमान है कि संघर्ष प्रभावित क्षेत्र में करीब दो लाख फ्रांसीसी नागरिक रहते हैं, जिनमें से लगभग 25 हजार फिलहाल यात्रा पर हैं।

स्पेन ने जमीनी और हवाई मार्ग से निकासी शुरू कर दी है और 175 नागरिकों के मैड्रिड पहुंचने की उम्मीद है। दक्षिण कोरिया ने ईरान से 23 नागरिकों को निकाला है। ब्रिटेन की विदेश मंत्री यवेटे कूपर ने बताया कि 1.3 लाख ब्रिटिश नागरिकों ने क्षेत्र में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है और ओमान की राजधानी मस्कट से चार्टर्ड उड़ान जल्द रवाना की जाएगी। लगातार बढ़ते तनाव के बीच कई देशों की सरकारें अपने नागरिकों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने में जुटी हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story