पश्चिम एशिया में टकराव पर ब्राजील और फ्रांस ने दी कड़ी प्रतिक्रिया
पेरिस/ब्रासीलिया/तेल अवीव, 28 फरवरी (हि.स.)। पश्चिम एशिया में बढ़ते सैन्य टकराव ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय की चिंता बढ़ा दी है। अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान के सैन्य एवं सरकारी ठिकानों पर हमले तथा उसके जवाब में ईरान की ओर से मिसाइल हमलों के बाद कई देशों ने संयम बरतने और अंतरराष्ट्रीय कानून के पालन की अपील की है।
ब्राजील ने अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर किए गए हमलों पर गंभीर चिंता व्यक्त की है। ब्राजील के विदेश मंत्रालय ने एक आधिकारिक बयान में इन हमलों की निंदा करते हुए कहा कि सभी पक्ष अंतरराष्ट्रीय कानून का सम्मान करें और अधिकतम संयम बरतें, ताकि संघर्ष और न बढ़े तथा आम नागरिकों और नागरिक बुनियादी ढांचे की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
ब्राजील ने स्पष्ट किया कि मौजूदा हालात क्षेत्रीय शांति के लिए खतरा पैदा कर सकते हैं और किसी भी प्रकार की सैन्य वृद्धि से व्यापक अस्थिरता फैल सकती है।
वहीं फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने ताजा घटनाक्रम को अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बताया है। पेरिस में एक बयान में उन्होंने कहा कि अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच नए सिरे से शुरू हुआ संघर्ष वैश्विक स्तर पर गंभीर परिणाम ला सकता है।
मैक्रों ने कहा कि फ्रांस अपने नागरिकों की सुरक्षा और मध्य पूर्व में अपने हितों की रक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठा रहा है। उन्होंने ईरान से उसके परमाणु और बैलिस्टिक कार्यक्रमों को रोकने तथा क्षेत्र में अस्थिरता फैलाने वाली गतिविधियों को समाप्त करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि बढ़ती हुई स्थिति सभी के लिए खतरनाक है और इसे तुरंत रोका जाना चाहिए।
फ्रांस ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की आपात बैठक बुलाने की मांग की है और यूरोपीय साझेदारों और मध्य पूर्व के सहयोगियों के साथ लगातार संपर्क में होने की बात कही है।
इस बीच इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने पुष्टि की कि इजराइल और अमेरिका ने संयुक्त रूप से ‘ऑपरेशन लायन्स रोर’ नाम से सैन्य अभियान चलाया है। अपने राष्ट्र के नाम संदेश में उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई ईरान से उत्पन्न “अस्तित्व के खतरे” को समाप्त करने के उद्देश्य से की गई।
इजराइली सेना ने भी पुष्टि की है कि इसके जवाब में ईरान ने इजरायल की ओर बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

