ईरानी नाकेबंदी तोड़ने की कोशिश कर रहे जहाज पर अमेरिकी हमला, हेलीकॉप्टर से की गई गोलीबारी
वाशिंगटन/मस्कट, 11 अगस्त (हि.स.)। ईरान के खिलाफ अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी के बीच अमेरिका ने कथित तौर पर नाकेबंदी तोड़ने की कोशिश कर रहे एक पनामा झंडे वाले कंटेनर जहाज पर गोलीबारी की है। जहाज को बार-बार चेतावनी दिए जाने के बावजूद उसके चालक दल ने निर्देशों की अनदेखी की, जिसके बाद अमेरिकी सेना ने कार्रवाई की।
रिपोर्टों के मुताबिक, यह घटना मंगलवार को ओमान की खाड़ी में हुई। अमेरिकी सैन्य हेलिकॉप्टर ने जहाज के पिछले हिस्से यानी रडर को निशाना बनाकर गोलीबारी की। हमले के बाद जहाज में आग लग गई, जिसे बाद में बुझा दिया गया। समुद्री सुरक्षा सूत्रों ने जहाज की पहचान वेला नोवा के रूप में की है। जहाज पर सवार सभी 17 क्रू सदस्य सुरक्षित हैं और घटना में किसी के हताहत होने की तत्काल सूचना नहीं है। हमले के बाद चालक दल को दूसरे नागरिक जहाज में स्थानांतरित करने की कोशिश किए जाने की भी खबर है।
यह कार्रवाई ईरानी बंदरगाहों पर अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी को लेकर बढ़ते तनाव के बीच हुई है। अमेरिकी पक्ष का आरोप है कि वेला नोवा ने नाकेबंदी के तहत जारी चेतावनियों को नजरअंदाज करते हुए प्रतिबंधित क्षेत्र में आगे बढ़ने की कोशिश की। इसके बाद अमेरिकी बलों ने जहाज को रोकने के लिए बल प्रयोग किया।
ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते सैन्य तनाव का असर क्षेत्रीय समुद्री यातायात पर भी पड़ रहा है। ओमान की खाड़ी और होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों की सुरक्षा को लेकर पहले से ही चिंता बनी हुई है। वेला नोवा पर हुई कार्रवाई से क्षेत्र में समुद्री टकराव और व्यापारिक जहाजों की सुरक्षा को लेकर तनाव और बढ़ने की आशंका है।
------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

