जेलेंस्की से मिले अमेरिकी दूत, रूस के राष्ट्रपति पुतिन से हुई वार्ता की जानकारी दी

WhatsApp Channel Join Now
जेलेंस्की से मिले अमेरिकी दूत, रूस के राष्ट्रपति पुतिन से हुई वार्ता की जानकारी दी


डबलिन (आयरलैंड), 13 नवंबर (हि.स.)। अमेरिकी दूत और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामादजेरेड कुशनर एवं स्टीव विटकोफ गुरुवार देर रात आयरलैंड पहुंचे। दोनों ने यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लादिमीर जेलेंस्की को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ मॉस्को में हुई अपनी पिछली बातचीत के बारे में जानकारी दी। दोनों अबू धाबी में रूस, यूक्रेन और अमेरिका के वार्ताकारों के बीच हुई दो दिनों की बातचीत के बाद डबलिन पहुंचे। फरवरी के बाद यह अपनी तरह की पहली बातचीत है, जो किसी ठोस नतीजे के बिना खत्म हुई।

सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, डबलिन में बैठक के बाद जेलेंस्की ने पत्रकारों से कहा कि पिछले कुछ दिनों में हुई बातचीत बहुत महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने कहा, इससे उम्मीद बढ़ी है कि हम इस युद्ध को खत्म कर पाएंगे। इस बैठक के बाद एक और बैठक होगी और हर बैठक का कोई न कोई नतीजा निकलना चाहिए, जो हमें शांति के और करीब ले जाए।

विटकोफ और कुशनर के साथ गुरुवार रात मौजूद जेलेंस्की ने यह भी कहा कि हाल ही में युद्धबंदियों की अदला-बदली पर बनी सहमति, युद्ध शुरू होने के बाद से अब तक की सबसे बड़ी अदला-बदली होगी। उन्होंने इसे एक वास्तविक परिणाम बताया। इस अवसर पर कुशनर ने कहा कि यूक्रेन के लिए युद्ध के बाद की सुरक्षा को लेकर महत्वपूर्ण योजनाओं पर काम चल रहा है।

इससे पहले मॉस्को से रवाना होने से ठीक पहले विटकोफ ने व्नुकोवो हवाई अड्डे पर कहा, मुझे लगता आज कुछ प्रगति हुई है। लोगों को नहीं लगा था कि हम त्रिपक्षीय बातचीत फिर से शुरू कर पाएंगे, लेकिन हमने इसे फिर से शुरू कर दिया है। हमने एक नई बैठक भी तय कर ली है। उन्होंने कहा, राष्ट्रपति ट्रंप यही देखना चाहते हैं।

विटकोफ ने यह भी संकेत दिया कि यूक्रेन संघर्ष पर होने वाली अगली बातचीत में यूरोपीय प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। उन्होंने पत्रकारों से कहा, वे हमारे साझेदार हैं और उनका इसमें शामिल होना महत्वपूर्ण है। बाद में कुशनर ने भी इसी बात को दोहराया। जेलेंस्की के साथ बैठक के बाद उन्होंने कहा, यूरोपीय लोगों की मौजूदगी के बिना हम इस समझौते को पूरा नहीं कर सकते।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776150 Articles

Share this story