सऊदी अरब के ताइफ और यानबू को लेकर अमेरिकी दूतावास का सुरक्षा अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now


रियाद, 20 सितंबर (हि.स.)। सऊदी अरब में मौजूदा सुरक्षा स्थिति को देखते हुए अमेरिकी दूतावास ने ताइफ और यानबू की यात्रा को लेकर अपने सरकारी कर्मचारियों के लिए सुरक्षा अलर्ट जारी किया है। दूतावास ने कहा है कि इन दोनों शहरों की यात्रा करने वाले अमेरिकी सरकारी कर्मचारियों को अब विशेष अनुमति लेनी होगी।

अमेरिकी दूतावास ने अपने सुरक्षा अलर्ट में इस कदम के पीछे सऊदी अरब में जारी मौजूदा सुरक्षा परिस्थितियों का हवाला दिया है। हालांकि, अलर्ट में ताइफ और यानबू को लेकर किसी विशिष्ट खतरे या संभावित हमले की विस्तृत जानकारी नहीं दी गई।

दरअसल, शनिवार को यमन के हूती विद्रोहियों ने रियाद के मुख्य हवाई अड्डे के आसपास मिसाइल हमला किया था। सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन के अनुसार, उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने हूतियों की ओर से दागी गई मिसाइल को रोक दिया। अमेरिकी दूतावास की ओर से जारी चेतावनी इसी हमले के बाद सुरक्षा स्थिति को लेकर है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story