लेबनान में अमेरिकी दूतावास बंद, युद्ध संकट के बीच सुरक्षा अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now

वाशिंगटन, 03 मार्च (हि.स.)। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका ने लेबनान की राजधानी बेरूत स्थित अपना दूतावास “अगली सूचना तक” बंद कर दिया है। यह फैसला तब आया जब इजराइल ने कहा कि उसने शहर में ईरान समर्थित समूह हिज़्बुल्लाह को निशाना बनाते हुए हवाई हमले शुरू किए हैं।

संयुक्त राज्य अमेरिका के विदेश विभाग के अनुसार, बेरूत स्थित अमेरिकी दूतावास में सभी नियमित और आपातकालीन कांसुलर अपॉइंटमेंट रद्द कर दिए गए हैं। सहायता की जरूरत वाले अमेरिकी नागरिकों को अमेरिका और कनाडा से +1-888-407-4747 तथा अन्य देशों से +1-202-501-4444 पर संपर्क करने को कहा गया है।

बेरूत अमेरिकी दूतावास तीसरा मिशन है जिसे मौजूदा संकट के दौरान बंद किया गया है। सऊदी अरबी में अमेरिकी दूतावास पर कथित ड्रोन हमले के बाद उसे भी बंद किया गया, जबकि कुवैत स्थित दूतावास ने अनिश्चितकाल के लिए संचालन रोकने की घोषणा की है।

इसके अलावा, अमेरिका ने जॉर्डन, बहरेन, कतर, इराक और संयुक्त अरब अमीरात में गैर-आवश्यक कर्मियों और उनके परिवारों को अनिवार्य रूप से वापस बुलाने का आदेश दिया है।

विदेश विभाग ने क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी नागरिकों से “गंभीर सुरक्षा जोखिमों” के चलते तुरंत मध्य-पूर्व छोड़ने की अपील की है।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story