अमेरिका का दावा- होर्मुज नाकेबंदी के बाद 70 जहाजों का रास्ता बदला

WhatsApp Channel Join Now

वॉशिंगटन, 14 मई (हि.स.)। अमेरिका ने दावा किया है कि होर्मुज जलडमरूमध्य में बढ़ते तनाव और कथित नाकेबंदी के बाद अब तक करीब 70 व्यापारिक जहाजों ने अपना मार्ग बदल लिया है। अमेरिकी सेना के सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने कहा कि क्षेत्र की सुरक्षा स्थिति को देखते हुए समुद्री यातायात पर बड़ा असर पड़ा है।

सेंटकॉम के अनुसार, अमेरिकी नौसेना ने इस दौरान चार जहाजों को “डिएक्टिव” भी किया है। हालांकि, अमेरिकी अधिकारियों ने यह स्पष्ट नहीं किया कि इन जहाजों के खिलाफ किस प्रकार की कार्रवाई की गई या उन्हें किस कारण से रोका गया।

यह बयान ऐसे समय आया है जब ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड (आईआरजीसी) ने दावा किया कि पिछले 24 घंटों के दौरान कई व्यापारिक जहाजों को होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित गुजरने की अनुमति दी गई। ईरानी पक्ष का कहना है कि इनमें चीन से जुड़े कुछ जहाज भी शामिल थे।

होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापार मार्गों में गिना जाता है, जहां से वैश्विक तेल और गैस आपूर्ति का बड़ा हिस्सा गुजरता है। इस क्षेत्र में किसी भी प्रकार का सैन्य तनाव या नाकाबंदी अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजार और वैश्विक व्यापार पर सीधा असर डाल सकती है।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story