कीव पर संभावित हमलों की रूसी योजना से संयुक्त राष्ट्र चिंतित, गुटेरेस ने तनाव बढ़ने पर जताई चिंता
संयुक्त राष्ट्र/न्यूयॉर्क, 26 मई (हि.स.)। संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने रूस द्वारा यूक्रेन की राजधानी कीव में रक्षा प्रतिष्ठानों और निर्णय लेने वाले केंद्रों पर संभावित हमले की घोषणा पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि पहले से ही गंभीर मानवीय असर झेल रहे संघर्ष में और अधिक तनाव बढ़ना शांति प्रयासों को और मुश्किल बना सकता है।
एंटोनियो गुटेरेस ने मंगलवार को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद को संबोधित करते हुए कहा कि संघर्ष को और बढ़ाने वाले कदमों से बचना जरूरी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि लंबे समय से जारी युद्ध ने आम नागरिकों पर भारी असर डाला है और स्थिति को और जटिल बनाने से लोगों की परेशानियां बढ़ सकती हैं।
संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने नागरिकों और नागरिक ढांचे पर होने वाले हमलों की भी निंदा की। उन्होंने कहा कि चाहे घटना कहीं भी हो, आम लोगों और नागरिक संस्थानों को निशाना बनाना स्वीकार्य नहीं माना जा सकता।
उन्होंने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में शांति की दिशा में आगे बढ़ने और संघर्ष को नियंत्रित करने की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक है, ताकि प्रभावित लोगों की पीड़ा को कम किया जा सके।
यह बयान ऐसे समय आया है जब रूस ने कीव में कुछ प्रमुख लक्ष्यों पर हमले की योजना का संकेत दिया है। इससे पहले यूक्रेन के स्टारोबिल्स्क क्षेत्र में एक शैक्षणिक परिसर और छात्रावास पर ड्रोन हमले की रिपोर्ट सामने आई थी। यह इलाका वर्तमान में रूसी नियंत्रण में है।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

