सेंट पीटर्सबर्ग पर यूक्रेन का बड़ा ड्रोन हमला, तेल ठिकाने में आग; एक की मौत

WhatsApp Channel Join Now

सेंट पीटर्सबर्ग, 18 अक्टूबर (हि.स.)। रूस के दूसरे सबसे बड़े शहर सेंट पीटर्सबर्ग पर यूक्रेन ने बड़े पैमाने पर ड्रोन हमला किया। रूसी अधिकारियों के मुताबिक, हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य को अस्पताल में भर्ती कराया गया। शहर में एक तेल रिफाइनरी और तेल भंडारण केंद्र सहित कई औद्योगिक परिसरों में आग लग गई। क्रेमलिन ने कहा है कि यूक्रेन के हमलों से रूस के युद्ध संबंधी उद्देश्यों में कोई बदलाव नहीं होगा।

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के गृहनगर सेंट पीटर्सबर्ग पर वर्ष 2022 में युद्ध शुरू होने के बाद यह सबसे बड़े ड्रोन हमलों में से एक बताया जा रहा है। हमले के बाद शहर के ऐतिहासिक केंद्र के ऊपर धुएं का गुबार दिखाई दिया।

सेंट पीटर्सबर्ग के गवर्नर अलेक्जेंडर बेगलोव ने बताया कि तेल टर्मिनल, रुचयी तेल डिपो और औद्योगिक गोदामों में लगी आग पर काबू पाने के प्रयास किए गए। हमलों के कारण 12 आवासीय इमारतों को भी नुकसान पहुंचा। सुरक्षा कारणों से शहर के पुलकोवो हवाई अड्डे पर उड़ानों पर प्रतिबंध लगाए गए।

लेनिनग्राद क्षेत्र के गवर्नर अलेक्जेंडर द्रोज्देंको ने दावा किया कि वायु रक्षा प्रणालियों ने 144 यूक्रेनी ड्रोन मार गिराए। रूसी सरकारी मीडिया ने इसे वर्ष 2022 में युद्ध शुरू होने के बाद सेंट पीटर्सबर्ग पर सबसे बड़ा हमला बताया। वहीं, ड्रोन हमले में यानिनो कस्बे के एक विद्युत उपकेंद्र को नुकसान पहुंचा, जिससे करीब 20 हजार लोग बिजली से वंचित हो गए।

रूस के सोशल मीडिया मंच वीकोंताक्ते ने कहा कि शहर में उसका डेटा सेंटर भी हमले की चपेट में आया। वहीं, ऑनलाइन खुदरा कंपनी ओजोन ने अपने लॉजिस्टिक्स केंद्र को नुकसान पहुंचने की जानकारी दी।

------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763221 Articles

Share this story