यूएन महासभा में लिथुआनिया के राष्ट्रपति बोले- यूक्रेन की जीत वैश्विक शांति और सुरक्षा के लिए जरूरी

WhatsApp Channel Join Now


न्यूयॉर्क, 22 सितंबर (हि.स.)। लिथुआनिया के राष्ट्रपति गितानस नौसेदा ने रूस-यूक्रेन युद्ध को मौजूदा वैश्विक व्यवस्था के लिए सबसे गंभीर खतरों में से एक बताया और कहा कि यूक्रेन की जीत उसकी संप्रभुता, स्वतंत्रता तथा क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण है।

संयुक्त राष्ट्र महासभा में अपने संबोधन के दौरान नौसेदा ने कहा कि रूस की ओर से यूक्रेन के खिलाफ शुरू किया गया युद्ध विश्व व्यवस्था के लिए सबसे बड़ा खतरा पैदा करने वाला संघर्ष है। उन्होंने दावा किया कि रूस को युद्ध में भारी नुकसान उठाना पड़ा है और उसे क्षेत्रीय स्तर पर अपेक्षित सफलता नहीं मिली है।

नौसेदा ने कहा कि रूस की ओर से किए गए बड़े सैन्य प्रयासों और हुए नुकसान के बावजूद यूक्रेन एक स्वतंत्र देश के रूप में मजबूती से खड़ा है। उन्होंने यूक्रेनी भाषा, संस्कृति और राष्ट्रीय पहचान के कायम रहने का भी उल्लेख किया।

लिथुआनियाई राष्ट्रपति ने अपने संबोधन में कहा कि रूस ने युद्ध के बावजूद अपने घोषित उद्देश्यों को पूरी तरह हासिल नहीं किया है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से यूक्रेन के समर्थन में एकजुट होने और उसकी जीत को करीब लाने के लिए प्रयास करने का आह्वान किया।

नौसेदा ने कहा कि यूक्रेन की अंतिम जीत ऐसी होनी चाहिए, जिसमें उसकी संप्रभुता, स्वतंत्रता और क्षेत्रीय अखंडता सुरक्षित रहे। उनके अनुसार, यही वैश्विक शांति और सुरक्षा के साथ-साथ संयुक्त राष्ट्र चार्टर की विश्वसनीयता सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story