आखिरकार यूक्रेन में स्टारलिंक की स्पीड बहाल

WhatsApp Channel Join Now
आखिरकार यूक्रेन में स्टारलिंक की स्पीड बहाल


आखिरकार यूक्रेन में स्टारलिंक की स्पीड बहाल


वाशिंगटन, 25 अक्टूबर (हि.स.)। यूक्रेन का कहना है कि उनके यहां स्टारलिंक की स्पीड बहाल हो गई है। दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति एलन मस्क ने माना कि ड्रोन हमलों के कारण स्पेसएक्स ने सर्विस की स्पीड कम कर दी थी। एलन मस्क ने शनिवार को कहा कि उनकी कंपनी स्पेसएक्स ने यूक्रेन में स्टारलिंक सैटेलाइट इंटरनेट सर्विस की स्पीड कम कर दी थी। इससे उन ऑपरेशन में रुकावट आई, जिन पर यूक्रेन रूस के खिलाफ अपना बचाव करने के लिए निर्भर है।

सीबीएस न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, एक्स पर मस्क का यह बयान तब आया, जब यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लादिमीर जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन के लिए स्टारलिंक और स्टारशील्ड सैटेलाइट लिंक की स्पीड फिर से पहले जैसी हो गई है। पाबंदियों के कारण एक हफ्ते से भी अधिक समय तक फ्रंटलाइन ऑपरेशन्स में रुकावट आई थी।

पिछले हफ्ते से ही यह सवाल उठ रहे थे कि मस्क के बनाए इस सैटेलाइट इंटरनेट सिस्टम में रुकावट लाने का आदेश किसने दिया था। कीव सालों से मॉस्को के हमलों का जवाब देने के लिए इसी सिस्टम पर निर्भर रहा है।जेलेंस्की ने एक्स पर लिखा, स्पीड अब उतनी ही है जितनी होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि बहाली का काम रात शुरू हो गया था और शनिवार सुबह तक स्पीड ठीक हो गई, जिससे फ्रंट-लाइन पर लॉजिस्टिक्स और रूस के 'शहेद' ड्रोन के खिलाफ बचाव में सुधार हुआ है।

मस्क ने माना कि स्टारलिंक की स्पीड कम करने के पीछे वे ही थे मस्क के इस खुलासे से पहले पिछले हफ्ते से ही यह सवाल बना हुआ था कि मस्क के बनाए इस सैटेलाइट इंटरनेट सिस्टम में रुकावट लाने का आदेश किसने दिया। राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि उन्होंने ऐसा कोई आदेश नहीं दिया था और साथ ही यह भी कहा कि इसके लिए मस्क को दोष नहीं दिया जाना चाहिए।

मस्क ने शनिवार को एक्स पर स्वीकार किया कि उनकी कंपनी स्पेसएक्स ने स्टारलिंक सैटेलाइट इंटरनेट सर्विस की स्पीड कम कर दी थी। मस्क ने लिखा, स्टारलिंक एक आम नागरिक कमर्शियल सर्विस है। इसका इस्तेमाल लोगों को मारने के लिए आक्रामक ड्रोन हमलों में करना कभी भी मंजूर नहीं था और न ही होना चाहिए। उन्होंने कहा, यूक्रेनी सेना ने स्टारलिंक की सेवा शर्तों का उल्लंघन किया और इसका इस्तेमाल लोगों को मारने के लिए आक्रामक ड्रोन हमलों में किया। उस खामी को पिछले हफ्ते बंद कर दिया गया था।

उन्होंने कहा कि 'स्टारशील्ड' में जो भी बदलाव हुए, उन पर अमेरिकी सरकार का नियंत्रण था। स्टारशील्ड, स्पेसएक्स की स्टारलिंक सैटेलाइट इंटरनेट सेवा का मिलिट्री-ग्रेड वर्जन है, जो यूक्रेन के ड्रोन ऑपरेशंस और संचार व्यवस्था की रीढ़ है। उन्होंने फरवरी 2022 में रूस के यूक्रेन पर किए गए हमले के बाद से यूक्रेन की सुरक्षा को मजबूत करने में स्पेसएक्स की भूमिका का भी बचाव किया।

इन पाबंदियों को हटाना युद्ध खत्म करने के लिए अमेरिका की नई राजनयिक कोशिशों का हिस्सा है। रूस बुधवार को इस बात पर सहमत हो गया कि वह अगले महीने वाशिंगटन और कीव के साथ फिर से त्रिपक्षीय बातचीत शुरू करेगा। शुक्रवार को कीव और मॉस्को यूक्रेन के दक्षिणी खेरसॉन क्षेत्र में स्थित ओलेशकी के आसपास एक सीमित युद्धविराम (सीज़फायर) के लिए भी सहमत हो गए। यह समझौता प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप की मध्यस्थता से हुआ था। ओलेशकी- रूस के कब्जे वाला एक ऐसा शहर है जो युद्ध के कारण पूरी तरह तबाह हो चुका है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766342 Articles

Share this story