ड्रोन हमलों में स्टारलिंक के इस्तेमाल पर मस्क के दावे को यूक्रेन ने नकारा

WhatsApp Channel Join Now

कीव, 25 अक्टूबर (हि.स.)। यूक्रेन ने स्पेसएक्स के प्रमुख एलन मस्क के उस दावे पर सवाल उठाए हैं, जिसमें उन्होंने यूक्रेनी सेना पर नागरिक उपग्रह इंटरनेट नेटवर्क स्टारलिंक की सेवा शर्तों का उल्लंघन कर आक्रामक ड्रोन हमलों में इस्तेमाल करने का आरोप लगाया था। यूक्रेनी अधिकारियों का कहना है कि देश में स्टारलिंक के संचालन पर लंबे समय से लागू प्रतिबंधों के कारण इस तरह इसका इस्तेमाल संभव नहीं है।

राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के रक्षा प्रौद्योगिकी सलाहकार सेरही बेस्करेस्तनोव ने ऑनलाइन पोस्ट में कहा कि मस्क को यूक्रेन में स्टारलिंक के संचालन पर लागू पाबंदियों की जानकारी होनी चाहिए थी। उन्होंने मस्क के दावे पर हैरानी जताई।

रूस के साथ जारी युद्ध में स्पेसएक्स की स्टारलिंक और सैन्य उपयोग के लिए विकसित स्टारशील्ड सेवाएं यूक्रेन की संचार व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण रही हैं। हाल में स्टारशील्ड सेवा पर लगाई गई गति संबंधी सीमाओं के कारण यूक्रेनी ड्रोन की कनेक्टिविटी प्रभावित हुई थी। यूक्रेनी अधिकारियों के अनुसार, इससे वायु रक्षा अभियानों और सैन्य मिशनों में भी बाधा आई। शनिवार को सेवा बहाल होने की जानकारी दी गई।

स्टारशील्ड पर प्रतिबंधों के बाद यूक्रेनी सैन्य अधिकारियों ने ड्रोन खोने और अभियान बाधित होने की शिकायत की थी। इस घटनाक्रम ने कीव और वाशिंगटन के बीच पहले से तनावपूर्ण संबंधों को और प्रभावित किया।

जेलेंस्की ने रविवार को कहा कि रूस ने पिछले एक सप्ताह में यूक्रेन के शहरों को निशाना बनाते हुए लगभग 2,300 हमलावर ड्रोन दागे। उन्होंने पश्चिमी सहयोगियों से ड्रोन और मिसाइलों को रोकने वाले इंटरसेप्टर जल्द उपलब्ध कराने की अपील की।

जेलेंस्की के मुताबिक रूस ने इस अवधि में करीब 1,600 निर्देशित बम और विभिन्न प्रकार की 48 मिसाइलें भी दागीं, जिनमें बैलिस्टिक मिसाइलें शामिल थीं। इन हमलों से देश के नौ क्षेत्रों में बिजली संयंत्रों, अनाज भंडारण केंद्रों, घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को नुकसान पहुंचा।

------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766721 Articles

Share this story