यूक्रेन में बड़ा राजनीतिक फेरबदल: राष्ट्रपति जेलेंस्की के निर्देश पर प्रधानमंत्री यूलिया स्विरिडेंको ने दिया इस्तीफा

WhatsApp Channel Join Now

कीव, 14 जुलाई (हि.स.)। रूस के साथ जारी युद्ध के बीच यूक्रेन की राजनीति में बड़ा बदलाव हुआ है। राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के निर्देश पर प्रधानमंत्री यूलिया स्विरिडेंको ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। यूक्रेनी संसद ने 14 जुलाई को मतदान के जरिए उनके इस्तीफे को औपचारिक मंजूरी भी दे दी।

राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा कि देश नई चुनौतियों और बदलती परिस्थितियों का सामना कर रहा है, इसलिए सरकार की राजनीतिक रणनीति में बदलाव किया जा रहा है। हालांकि उन्होंने अभी तक नए प्रधानमंत्री के नाम की घोषणा नहीं की है।

यूलिया स्विरिडेंको को जुलाई 2025 में प्रधानमंत्री नियुक्त किया गया था। उन्हें अमेरिका के साथ बेहतर संबंधों के लिए जाना जाता है। उन्होंने राष्ट्रपति जेलेंस्की और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के बीच ओवल ऑफिस में हुई तनातनी के बाद वाशिंगटन के साथ महत्वपूर्ण खनिज निवेश समझौते को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई थी।

जेलेंस्की ने संकेत दिया है कि स्विरिडेंको को सरकार में नई जिम्मेदारी दी जा सकती है। उन्होंने कहा कि उन्हें यूक्रेन के एक प्रमुख साझेदार देश के साथ संबंधों की जिम्मेदारी संभालने का प्रस्ताव दिया गया है, हालांकि उन्होंने उस देश का नाम नहीं बताया।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story