रूस पर यूक्रेन का 1,000 से ज्यादा ड्रोन से हमला, मॉस्को में भी भारी नुकसान
मॉस्को, 20 सितंबर (हि.स.)। यूक्रेन ने रूस पर रातभर में 1,000 से अधिक ड्रोन दागे, जिनमें सैकड़ों ड्रोन मॉस्को की ओर भेजे गए। यह राजधानी पर अब तक का सबसे बड़ा ड्रोन हमला था। हमले में एक तेल रिफाइनरी और एक आवासीय इमारत को नुकसान पहुंचा है।
मॉस्को क्षेत्र के गवर्नर आंद्रेई वोरोब्योव ने रविवार को बताया कि ड्रोन हमलों में दो लोगों की मौत हुई और 20 अन्य घायल हुए। मृतकों में 74 वर्षीय एक व्यक्ति और 44 वर्षीय एक महिला शामिल हैं।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि हमले में विभिन्न प्रकार के ड्रोन और मिसाइलों का इस्तेमाल किया गया। इनमें यूक्रेन में निर्मित ‘फ्लेमिंगो’ और ‘पेलिकन’ मिसाइलें भी शामिल थीं। उनके मुताबिक, निशाने पर तेल और लॉजिस्टिक्स से जुड़ी सुविधाएं थीं।
जेलेंस्की ने कहा कि इन हमलों का उद्देश्य रूस की युद्ध क्षमता को आर्थिक नुकसान पहुंचाना है। उन्होंने दावा किया कि तेल और लॉजिस्टिक्स ढांचे को निशाना बनाकर रूस की युद्ध मशीन को वित्तीय दबाव में लाने की कोशिश की जा रही है। जेलेंस्की के अनुसार शनिवार को रूस के एक ड्रोन हमले में खेरसॉन क्षेत्र के एक मठ को नुकसान पहुंचा, जिसमें पादरी वर्ग के एक सदस्य की मौत हुई और चार लोग घायल हुए।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

