धमाकों से दहला यूक्रेन, कीव में कई जगह लगी आग, दो लोगों की मौत

WhatsApp Channel Join Now
धमाकों से दहला यूक्रेन, कीव में कई जगह लगी आग, दो लोगों की मौत



धमाकों से दहला यूक्रेन, कीव में कई जगह लगी आग, दो लोगों की मौत


कीव (यूक्रेन), 02 जुलाई (हि.स.)। यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लादिमीर जेलेंस्की की देश में रूस के बड़े हमले की चेतावनी के कुछ घंटे बाद गुरुवार तड़के राजधानी कीव और अन्य जगहों पर जोरदार धमाके हुए। इन धमाकों से पूरा देश दहल गया। सरकारी अधिकारियों के अनुसार, राजधानी कीव में कई जगह आग लग गई। धमाकों की चपेट में आए दो लोगों की जान चली गई। जेलेंस्की ने एक खुफिया रिपोर्ट के आधार पर देशवासियों को चेताया था कि रूस रात को बड़े हमले की योजना बना रहा है।

द कीव इंडिपेंडेंट, कीव पोस्ट और अमेरिकी न्यूज चैनल सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात ज्यादा हलचल नहीं हुई। सवेरा होने से पहले कीव में कई धमाके हुए। कीव के अधिकारियों ने बताया कि रूस ने बैलिस्टिक मिसाइलें और ड्रोन दागे हैं। इससे रिहायशी इमारतों को नुकसान पहुंचा और उनमें आग लग गई। हमले में कम से कम दो व्यक्तियों की मौत हो गई।

कीव के मेयर विटाली क्लिट्स्को ने बताया कि हमलों के बाद कम से कम 11 घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। क्लिट्स्को ने कहा कि बचावकर्मी नौ मंजिला इमारत के मलबे वाली जगह पर पहुंचे और अंदर फंसे लोगों को निकालने की कोशिश की। उन्होंने बताया कि एम्बुलेंस सब स्टेशन पर हमले में मेडिकल कर्मचारी घायल हुए हैं।

कीव शहर के सैन्य प्रशासन प्रमुख तैमूर तकाचेंको के अनुसार, इस हमले में दो लोग मारे गए और कम से कम 16 अन्य घायल हो गए। इस हमले में आवासीय इमारतें भी नष्ट हो गईं। मध्य कीव में एक होटल क्षतिग्रस्त हो गया और बहुमंजिला इमारतें आग की लपटों में घिर गईं। स्थानीय समयानुसार सुबह 5 बजे तक अधिकारियों ने कम से कम 28 स्थानों पर नुकसान दर्ज किया ।

यूक्रेन के कई क्षेत्रों में हवाई अलर्ट जारी किया गया। दक्षिणी शहर जापोरिजिया और निप्रोपेत्रोव्स्क ओब्लास्ट के पावलोहराड में विस्फोट होने की सूचना है। पूर्वोत्तर यूक्रेन के सूमी और खार्किव में भी धमाके हुए हैं। तकाचेंको ने कहा, आने वाले दिनों में और हमले होने की भी संभावना है। विस्फोट शुरू होने से कुछ ही समय पहले यूक्रेन की वायुसेना ने चेतावनी दी कि रूसी ड्रोन के समूह कीव और मायकोलाइव, कोनोटॉप और खेरसोन सहित अन्य शहरों की ओर बढ़ रहे हैं।

तकाचेंको ने रात 12:45 बजे कीव पर बैलिस्टिक मिसाइल के खतरे की चेतावनी दी। वायुसेना ने भी लगभग आधे घंटे बाद ऐसी ही चेतावनी जारी की। ओपन-सोर्स मॉनिटरिंग चैनलों ने बताया कि रूस ने 10 बॉम्बर विमान तैनात किए। रात करीब दो बजे जोरदार धमाकों से कीव और अन्य शहर दहल गए। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि राजधानी पर हुए हमले में शहर भर की रिहायशी इमारतों को निशाना बनाया गया और आम नागरिक व बचावकर्मी घायल हुए।

कीव के व्यस्त केंद्रीय इलाके पर भारी नुकसान हुआ है। यहां रिहायशी इलाकों के साथ-साथ संग्रहालय और विश्वविद्यालय भी हैं। तकाचेंको ने बताया कि शेवचेंकिव्स्की जिले में एक अपार्टमेंट बिल्डिंग तबाह हो गई। पेचेर्स्की जिले में हमलों के कारण रिहायशी इमारतों के पास दो जगहों पर आग लगने की भी सूचना मिली है। सोलोमियांस्की जिले में एक प्रशासनिक इमारत के पास आग लग गई। होलोसीव्स्की जिले में एक और बहुमंजिला इमारत क्षतिग्रस्त हो गई।

जेलेंस्की ने बुधवार दिन में लोगों से सावधान रहने और हवाई हमले के सायरन पर ध्यान देने की अपील की थी। उन्होंने चेतावनी दी थी कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन यूक्रेन के खिलाफ बड़े हमले की तैयारी कर रहे हैं। जेलेंस्की ने एक्स पर कहा, आज रात हमें ठीक इसी खतरे का सामना करना पड़ रहा है। अधिकारियों के अनुसार, स्थानीय समय के अनुसार रात 8 बजे से सायरन बजने शुरू हो गए। सायरन सुनकर लोग मेट्रो स्टेशन पहुंच गए।

यूक्रेन ने पिछले महीने रूस के खिलाफ अभूतपूर्व ड्रोन अभियान शुरू किया है। इसमें लंबी दूरी के ड्रोन हमलों के जरिए ऊर्जा बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया गया है।जेलेंस्की ने इसे मॉस्को को युद्ध खत्म करने के लिए मजबूर करने की एक अहम रणनीति बताया है। पिछले हफ्ते एक ही रात में रूस ने 12 क्षेत्रों में 660 ड्रोन को रोकने की सूचना दी। इससे पहले जून में कीव के बीचों-बीच हुए रूसी हमले में यूक्रेन के एक प्रमुख मठ परिसर यूनेस्को की सूची में शामिल 'कीव पेचेर्स्क लावरा' में आग लग गई थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Share this story