ईरान का आरोप- यूक्रेन ने इजराइल के इशारे पर किया जहाज पर हमला

WhatsApp Channel Join Now


तेहरान, 26 जुलाई (हि.स.)। ईरान ने कैस्पियन सागर में अपने एक वाणिज्यिक पोत पर हुए हमले को लेकर यूक्रेन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने कहा कि यह हमला कथित रूप से इजराइल के इशारे पर किया गया, जिसका उद्देश्य यूरोप को पश्चिम एशिया के मौजूदा संघर्ष में शामिल करना है।

अराघची ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि यूक्रेन द्वारा ईरानी वाणिज्यिक जहाज पर किया गया हमला संयुक्त राष्ट्र चार्टर का खुला उल्लंघन है। उन्होंने दावा किया कि इस घटना में एक नाविक की मौत हुई और एक अन्य घायल हुआ। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर उन्होंने यूरोपीय संघ की विदेश नीति प्रमुख काया कैलास और रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से भी बातचीत की है।

ईरानी विदेश मंत्रालय के अनुसार, विदेश मंत्री ने यूरोपीय संघ से इस घटना पर निर्णायक कार्रवाई करने और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद सहित अंतरराष्ट्रीय समुदाय से हमले के जिम्मेदार लोगों एवं उनके समर्थकों के खिलाफ जवाबदेही तय करने की मांग की है।

मंत्रालय ने बताया कि इस मुद्दे पर ईरान ने तेहरान स्थित यूक्रेन के प्रभारी राजनयिक (चार्जे डी'अफेयर्स) को तलब कर औपचारिक विरोध दर्ज कराया। ईरान ने इस हमले को शत्रुतापूर्ण और आपराधिक कृत्य बताते हुए विरोध-पत्र भी सौंपा।

बयान के अनुसार, बातचीत के दौरान दोनों पक्षों ने होर्मुज जलडमरूमध्य की स्थिति पर भी चर्चा की और क्षेत्रीय तनाव कम करने के लिए कूटनीतिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।

ईरानी विदेश मंत्रालय ने दोहराया कि उसने रूस-यूक्रेन युद्ध में कभी हस्तक्षेप नहीं किया है। मंत्रालय का कहना है कि इस प्रकार की कार्रवाई युद्ध और असुरक्षा को और अधिक फैलाने का कारण बन सकती है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story