लीबिया में यूक्रेन का हमला इटली के लिए आंखें खोलने वाला होना चाहिए : रूसी दूतावास

WhatsApp Channel Join Now
लीबिया में यूक्रेन का हमला इटली के लिए आंखें खोलने वाला होना चाहिए : रूसी दूतावास


मॉस्को, 28 नवंबर (हि.स./रिया नोवोस्ती)। लीबिया के बेनगाजी बंदरगाह पर कथित यूक्रेनी ड्रोन हमलों को लेकर रूस ने इटली को चेतावनी दी है। इटली स्थित रूसी दूतावास ने कहा है कि लीबिया में हुए हमले इटली के लिए आंखें खोलने वाले साबित होने चाहिए, क्योंकि यूक्रेनी सेना पर रूस के खिलाफ अभियान के लिए पड़ोसी देशों के इलाकों और समुद्री क्षेत्रों का इस्तेमाल करने का आरोप है। रूस ने आशंका जताई है कि यूक्रेन की गतिविधियां भविष्य में पूरे भूमध्यसागरीय क्षेत्र की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकती हैं।

इटली में रूसी दूतावास ने शुक्रवार को जारी बयान में कहा कि लीबिया के मिसराता इलाके में यूक्रेनी मानवरहित समुद्री जहाजों के जरिए किए गए हमलों की खबरें गंभीर चिंता पैदा करती हैं।

दूतावास के मुताबिक, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि यूक्रेनी मानवरहित जहाज लीबिया के समुद्री क्षेत्र तक कैसे पहुंचे। हालांकि, इस घटना से पता चलता है कि कीव की मौजूदा सरकार क्षेत्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकती है। दूतावास ने कहा कि इटली ने अपनी विदेश नीति में यूक्रेन का समर्थन करने को प्राथमिकता दी है, लेकिन अब उसे इस तरह की घटनाओं से पैदा होने वाले खतरों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।

रूसी राजनयिकों ने कहा कि वे इटली की सरकार, संसद और आम जनता की उस चिंता से सहमत हैं, जिसमें पूरे भूमध्यसागरीय क्षेत्र में यूक्रेन की कथित गतिविधियों को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। दूतावास ने यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की पर वित्तीय सहायता का कथित दुरुपयोग करने और यूक्रेनी आतंकवादी नेटवर्क तैयार करने का आरोप लगाया। बयान में दावा किया गया कि इस नेटवर्क का इस्तेमाल भूमध्य सागर, अफ्रीका, मध्य पूर्व और अन्य क्षेत्रों में हमलों के लिए किया जा सकता है।

रूसी दूतावास ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर भविष्य में यूक्रेनी प्रतिनिधि किसी अन्य हमले के लिए इटली की जमीन या समुद्री क्षेत्रों का इस्तेमाल करते हैं, तो इसमें आश्चर्य नहीं होना चाहिए।

लीबिया में भी इस घटना को लेकर नाराजगी सामने आई है। सोमवार को लीबियाई राष्ट्रपति परिषद के सदस्य मोसा अल-कोनी ने बेनगाजी बंदरगाह पर हुए हमलों के लिए कीव को जिम्मेदार ठहराया और इसे अस्वीकार्य बताया।

हमलों में यूक्रेन की कथित संलिप्तता की खबरों के बाद लीबिया के विदेश मंत्रालय ने यूक्रेन से आधिकारिक स्पष्टीकरण मांगा है। हालांकि, हमले में यूक्रेन की भूमिका को लेकर स्वतंत्र पुष्टि और विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

इस मामले में इटली के उप प्रधानमंत्री और बुनियादी ढांचा एवं परिवहन मंत्री माटेओ साल्विनी ने बुधवार को चिंता जताई थी। उन्होंने कहा कि लीबिया के बंदरगाह पर कथित यूक्रेनी ड्रोन हमलों से भूमध्य सागर में नौवहन की स्वतंत्रता और समुद्री सुरक्षा प्रभावित हो सकती है।

वहीं, इटली के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री एंटोनियो तजानी पहले ही कह चुके हैं कि यूक्रेन की ओर से लीबिया के बंदरगाह पर किए गए हमले लीबिया की संप्रभुता का उल्लंघन हैं। लीबिया के बंदरगाह पर कथित हमले को लेकर रूस, इटली और लीबिया की प्रतिक्रियाओं से भूमध्यसागरीय क्षेत्र में कूटनीतिक तनाव बढ़ता दिखाई दे रहा है।

रूस का आरोप है कि यूक्रेन अपने सैन्य अभियानों का दायरा बढ़ाकर दूसरे देशों की सुरक्षा और संप्रभुता को खतरे में डाल रहा है। वहीं, इटली ने समुद्री मार्गों की सुरक्षा और नौवहन की स्वतंत्रता को लेकर चिंता जताई है।

फिलहाल, इस पूरे मामले में यूक्रेन की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया और हमले से जुड़े स्वतंत्र रूप से सत्यापित तथ्यों का इंतजार है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784510 Articles

Share this story