ब्रिटेन ने ईरानी राजदूत को किया तलब, जासूसी आरोपों पर बढ़ा कूटनीतिक तनाव

WhatsApp Channel Join Now

लंदन, 23 मार्च (हि.स.)। ब्रिटेन और ईरान के बीच कूटनीतिक तनाव बढ़ गया है। ब्रिटेन ने ईरानी राजदूत सैयद अली मौसवी को तलब किया है। यह कदम लंदन में कथित जासूसी गतिविधियों के आरोपों के बाद उठाया गया।

ब्रिटिश विदेश कार्यालय के अनुसार, एक ईरानी नागरिक और एक ब्रिटिश-ईरानी दोहरे नागरिक पर लंदन के यहूदी समुदाय की निगरानी (सर्विलांस) करने का आरोप है। इन दोनों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत विदेशी खुफिया एजेंसी की मदद करने के संदेह में मामला दर्ज किया गया है।

यह कार्रवाई ब्रिटेन की गृह सचिव इवेट कूपर के निर्देश पर की गई। ईरानी राजदूत की मुलाकात मिडिल ईस्ट मामलों के मंत्री हामिश फाल्कनर से कराई गई, जहां इस मुद्दे पर ब्रिटेन की कड़ी आपत्ति दर्ज कराई गई।

ब्रिटिश विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि देश की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और ईरान या उसके सहयोगियों से जुड़े किसी भी खतरे को बेहद गंभीरता से लिया जाएगा।

ब्रिटेन ने ईरान पर “लापरवाह और अस्थिर करने वाली गतिविधियों” में शामिल होने का आरोप लगाया है, जो न केवल ब्रिटेन बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चिंता का विषय हैं।

माना जा रहा है कि इस घटना के बाद दोनों देशों के बीच कूटनीतिक रिश्तों में और तनाव आ सकता है, खासकर ऐसे समय में जब पश्चिम एशिया में पहले से ही हालात बेहद संवेदनशील बने हुए हैं।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story