युगांडा के राष्ट्रपति योवेरी मुसेवेनी ने सातवें कार्यकाल की शपथ ली

WhatsApp Channel Join Now

नैरोबी, 12 मई (हि.स.)। पूर्वी अफ्रीकी देश युगांडा में लंबे समय से सत्ता में बने रहे योवेरी मुसेवेनी ने मंगलवार को लगातार सातवीं बार राष्ट्रपति पद की शपथ ली। इसके साथ ही उनका शासन अब पांचवें दशक में प्रवेश कर गया। 81 वर्षीय मुसेवेनी वर्ष 1986 से देश की सत्ता संभाल रहे हैं।

जनवरी में हुए राष्ट्रपति चुनाव में मुसेवेनी को करीब 72 प्रतिशत वोट मिले थे। हालांकि चुनाव के दौरान हिंसा और धांधली के आरोप भी सामने आए थे। विपक्षी दलों और मानवाधिकार संगठनों ने चुनाव प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए थे।

शपथ ग्रहण समारोह के दौरान अपने संबोधन में मुसेवेनी ने अपनी सरकार की आर्थिक उपलब्धियों को प्रमुखता से रखा। उन्होंने कहा कि सत्ता संभालने के बाद से देश की अर्थव्यवस्था में लगातार सुधार हुआ है और आने वाले वित्तीय वर्ष में दोहरे अंकों की आर्थिक वृद्धि की संभावना है। उन्होंने विशेष रूप से कच्चे तेल के उत्पादन शुरू होने को युगांडा की अर्थव्यवस्था के लिए बड़ा अवसर बताया।

इधर, मुसेवेनी के उत्तराधिकारी को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं। माना जा रहा है कि वह अपने पुत्र और सेना प्रमुख मुहूज़ी कैनेरुगाबा को भविष्य में सत्ता सौंपना चाहते हैं। हालांकि राष्ट्रपति मुसेवेनी ने सार्वजनिक रूप से इस तरह की अटकलों से इनकार किया है।

विपक्षी नेता और लोकप्रिय पॉप स्टार बोबी वाइन पिछले चुनाव में दूसरे स्थान पर रहे थे। चुनाव के बाद उनके घर पर सैन्य कार्रवाई हुई थी, जिसके बाद वह देश छोड़कर अमेरिका चले गए। विपक्ष लगातार सरकार पर राजनीतिक विरोधियों को दबाने के आरोप लगाता रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story