यमन के तट के पास हथियारबंद लुटेरों ने यूएई के मालवाहक जहाज को किया अगवा

WhatsApp Channel Join Now

सना, 30 नवंबर (हि.स.)। यमन के तट के पास संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से जुड़े एक मालवाहक जहाज का सोमालियाई समुद्री लुटेरों ने अपहरण कर लिया। सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार, लुटेरे मछुआरों के भेष में यमन पहुंचे थे और वहां सोमालियाई समुदाय के बीच छिपकर अपनी गतिविधियों को अंजाम दिया। ब्रिटिश समुद्री सुरक्षा एजेंसी यूकेएमटीओ ने भी जहाज पर सशस्त्र हमलावरों के सवार होने की पुष्टि की है।

यूकेएमटीओ के मुताबिक, यमन के बलहाफ बंदरगाह से करीब 120 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में एक मालवाहक जहाज पर हमलावरों ने कब्जा कर लिया। सोमालिया के पुंटलैंड क्षेत्र के तीन सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि अपहृत जहाज एमवी मार्सा विर्गो है। यह जहाज यूएई स्थित मार्सा ओशन शिपिंग कंपनी का है और पनामा के ध्वज के तहत संचालित हो रहा था।

अधिकारियों के अनुसार, छह सोमालियाई हथियारबंद लुटेरे मछली पकड़ने वाली नाव से पुंटलैंड से रवाना हुए और अदन की खाड़ी पार कर यमन पहुंचे। सोमालियाई समुदाय के सूत्रों के जरिए उनकी गतिविधियों पर नजर रख रहे सुरक्षा अधिकारियों का दावा है कि लुटेरों ने मछुआरों का भेष धारण कर अपनी पहचान छिपाई थी।

जहाज पर चालक दल के 19 सदस्य सवार थे। सुरक्षा अधिकारियों के मुताबिक, सभी सदस्य जहाज के सुरक्षित कक्ष में बंद हो गए हैं। हालांकि, उनकी मौजूदा स्थिति और अपहरणकर्ताओं की आगे की कार्रवाई को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784996 Articles

Share this story