यूएई ने हिजबुल्लाह से जुड़े 21 लोगों व संस्थाओं पर कसा शिकंजा

WhatsApp Channel Join Now

अबू धाबी, 13 मई (हि.स.)। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने लेबनान के उग्रवादी संगठन हिज्बुल्लाह से संबंध रखने वाले 21 लोगों और संस्थाओं पर प्रतिबंध लगाने का बड़ा फैसला किया है। सरकारी समाचार एजेंसी डब्ल्यूएएम के अनुसार प्रतिबंध सूची में 16 लेबनानी नागरिक और यूएई में संचालित पांच संगठन शामिल हैं।

यूएई सरकार का आरोप है कि ये व्यक्ति और संस्थाएं उन संगठनों को वित्तीय और लॉजिस्टिक सहायता प्रदान कर रही थीं, जिन्हें देश में आतंकवादी संगठन घोषित किया गया है। अधिकारियों ने कहा कि इस कार्रवाई का उद्देश्य राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करना और आतंकवाद से जुड़े आर्थिक नेटवर्क को खत्म करना है।

सरकारी बयान के मुताबिक संबंधित एजेंसियों और वित्तीय संस्थानों को निर्देश दिया गया है कि वे 24 घंटे के भीतर प्रतिबंधित लोगों और संगठनों की पहचान सुनिश्चित करें। साथ ही उनकी संपत्तियों, बैंक खातों और अन्य वित्तीय संसाधनों को तत्काल प्रभाव से फ्रीज करने के आदेश दिए गए हैं।

यूएई प्रशासन ने स्पष्ट किया कि देश किसी भी प्रकार की आतंकी गतिविधियों या उनसे जुड़े आर्थिक सहयोग को बर्दाश्त नहीं करेगा। आतंकवाद के वित्तपोषण को रोकने के लिए अंतरराष्ट्रीय मानकों और सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन किया जा रहा है।

हालांकि, प्रतिबंधित व्यक्तियों और संगठनों की विस्तृत पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story