क्रेट में जंगल की आग से त्रासदी, आग बुझाते समय दो दमकल कर्मियों की मौत

WhatsApp Channel Join Now

एथेंस, 29 जुलाई (हि.स.)। ग्रीस के क्रेट द्वीप पर भीषण जंगल की आग बुझाने के दौरान दो दमकल कर्मियों की मौत हो गई। अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि दोनों जवान आग पर काबू पाने के प्रयास में ड्यूटी के दौरान शहीद हो गए।

स्थानीय मीडिया के अनुसार, रेथिम्नो क्षेत्र के जंगलों में लगी आग तेजी से फैल गई, जिसके चलते अघियोस जॉर्जियोस, अघियोस पावलोस, सख्थूरिया, मेलाबेस और क्रिया व्रिसी सहित कई गांवों को एहतियातन खाली कराया गया। आग बुझाने के लिए 100 से अधिक दमकलकर्मियों को मौके पर तैनात किया गया।

सरकारी प्रसारक ईआरटी की रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों दमकलकर्मी पश्चिमी शहर रेथिम्नो के निकट पहाड़ी क्षेत्र में आग से घिर गए। बताया गया कि उनकी दमकल गाड़ी भी आग की चपेट में आ गई, जिससे उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

इस बीच, इराक्लियो क्षेत्र के मोरोनी गांव के पास भी एक अन्य जंगल की आग की घटना सामने आई। इसके अलावा लेसबोस और पारोस द्वीपों पर भी बड़े पैमाने पर जंगल की आग की सूचना है।

ग्रीस में तेज हवाओं के कारण आग पर काबू पाने में काफी कठिनाई हो रही है। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों के लोगों से सतर्क रहने और स्थानीय अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story