टर्किश एयरलाइंस 01 मई से दमिश्क, बेरूत और अम्मान के लिए उड़ानें बहाल करेगी
इस्तांबुल, 30 अप्रैल (हि.स.)। टर्किश एयरलाइंस ने घोषणा की है कि वह एक मई से पश्चिम एशिया के तीन प्रमुख शहरों दमिश्क, बेरूत और अम्मान के लिए अपनी उड़ान सेवाएं फिर से शुरू करेगी।
एयरलाइन के अनुसार, इन रूट्स पर उड़ानें 28 फरवरी से निलंबित थीं। उस समय क्षेत्र में बढ़े तनाव, विशेष रूप से ईरान पर अमेरिका और इजराइल के हमलों के बाद कई देशों के हवाई क्षेत्र प्रभावित हो गए थे, जिसके चलते उड़ानों को रोकना पड़ा था।
अब क्षेत्र में स्थिति कुछ हद तक सामान्य होने के संकेत मिलने के बाद एयरलाइन ने इन महत्वपूर्ण मार्गों पर सेवाएं बहाल करने का फैसला लिया है। यह कदम यात्रियों और व्यापारिक गतिविधियों के लिए राहत भरा माना जा रहा है, क्योंकि ये तीनों शहर क्षेत्रीय संपर्क के लिहाज से बेहद अहम हैं।
उड़ानों की बहाली से न केवल हवाई यातायात में सुधार होगा, बल्कि क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। साथ ही उन यात्रियों को विशेष राहत मिलेगी, जो पिछले कुछ महीनों से इन रूट्स पर यात्रा के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाओं का सहारा ले रहे थे।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

