इस्लामाबाद वार्ता विफल होने पर तुर्किये ने अमेरिकी वार्ताकारों और ईरान ने ओमान से बात की
अंकारा/मस्कट, 26 अप्रैल (हि.स.)। ईरान और अमेरिका की इस्लामाबाद वार्ता का दूसरा चरण विफल होने के बाद तुर्किये ने अमेरिकी पक्ष से इस संबंध में फोन पर बातचीत की है। ईरान ने ओमान से अपनी पीड़ा साझा की है। तुर्किये के विदेश मंत्रालय के अनुसार, विदेश मंत्री हाकान फिदान ने अमेरिकी वार्ताकारों के साथ फोन पर हुई बातचीत में इस्लामाबाद वार्ता में हुई ताजा गतिविधियों पर चर्चा की।
अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार तुर्किये ने अमेरिका और ईरान के बीच एक कूटनीतिक मध्यस्थ की भूमिका निभाई है। अंकारा ने युद्धविराम की भी वकालत की है और कहा है कि ईरान पर अमेरिका-इजराइल ने एकीकृत हमला करके अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन किया है।
ओमान की सरकारी समाचार एजेंसी के अनुसार ओमान के सुल्तान हैथम बिन तारिक अल सईद ने राजधानी मस्कट में ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची से मुलाकात की। इस मुलाकात में उन्होंने क्षेत्रीय स्थिति और ईरान पर अमेरिका-इजरायल के युद्ध को समाप्त करने के उद्देश्य से किए जा रहे मध्यस्थता के प्रयासों पर चर्चा की।
शांति वार्ता में ओमान भी मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है। सुल्तान ने स्थायी राजनीतिक समाधान तक पहुंचने के तौर-तरीके पर चर्चा की। ओमान के नेता ने संकट को सुलझाने में बातचीत और कूटनीतिक प्रयासों को महत्व देने पर जोर दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

