तुर्किये के स्टील प्लांट में विस्फोट, 16 की मौत, 13 घायल, राष्ट्रपति एर्दोआन ने कहा-सारा देश दुखी

WhatsApp Channel Join Now
तुर्किये के स्टील प्लांट में विस्फोट, 16 की मौत, 13 घायल, राष्ट्रपति एर्दोआन ने कहा-सारा देश दुखी


तुर्किये के स्टील प्लांट में विस्फोट, 16 की मौत, 13 घायल, राष्ट्रपति एर्दोआन ने कहा-सारा देश दुखी


अंकारा (तुर्किये), 10 नवंबर (हि.स.)। पश्चिमी तुुर्किये के एक स्टील प्लांट में हुए विस्फोट में कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई और 13 अन्य घायल हो गए। घायलों में से दो की हालत नाजुक है। राष्ट्रपति रजब तैयब एर्दोआन ने सोमवार को यहां कैबिनेट बैठक के फौरन बाद इसकी पुष्टि की। राष्ट्रपति ने कहा कि इजमिर के आलियागा जिले में हुए इस विस्फोट के कारणों का पता लगाने और इसके लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान करने के लिए न्यायिक और प्रशासनिक जांच शुरू कर दी गई है।

तुर्किये के प्रमुख न्यूज चैनल 'टीएनटी वर्ल्ड' की रिपोर्ट के अनुसार, राष्ट्रपति एर्दोआन ने अंकारा के राष्ट्रपति भवन परिसर में कैबिनेट बैठक के बाद कहा, इस घटना ने पूरे देश को गहरा दुख पहुंचाया है। इसके लिए जिम्मेदार लोगों की भी पहचान की जाएगी। इजमिर के गवर्नर सुलेमान एल्बान ने बताया कि यह विस्फोट स्थानीय समयानुसार सुबह लगभग 11:46 बजे (0846 जीएमटी) 'हबास आयरन एंड स्टील प्लांट' में भट्टी (फर्नेस) बदलने के दौरान हुआ। एल्बान ने बताया कि एक सीलिंग क्रेन गिर गई। इससे कुछ सामान एक इलेक्ट्रिक आर्क फर्नेस में जा गिरा। इसके कारण एक प्राकृतिक गैस लाइन क्षतिग्रस्त हो गई और विस्फोट हो गया।

उन्होंने शुरुआत में 10 लोगों की मौत और 15 लोगों के घायल होने की जानकारी दी थी। उन्होंने बताया कि बचाव अभियान जारी है और मलबे के नीचे चार लोगों के फंसे होने की आशंका है। एल्बान के अनुसार, घटना के समय प्लांट में लगभग 200 मजदूर मौजूद थे। सामान्य उत्पादन शिफ्ट के दौरान यहां 300 से अधिक मजदूर काम करते हैं। अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है और मामले की न्यायिक व प्रशासनिक जांच चल रही है।

इजमिर में हुए विस्फोट के बाद अजरबैजान ने तुर्किये के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। अजरबैजान के विदेश मंत्रालय ने कहा कि वे इस घटना से बेहद दुखी हैं। उन्होंने शोकाकुल परिवारों और उनके करीबियों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने भी इस घटना पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने एक्स पर लिखा, प्रिय राष्ट्रपति इस मुश्किल घड़ी में मेरी संवेदनाएं तुर्किये के साथ हैं। उल्लेखनीय है कि तुर्किये में यह हादसा ऐसे समय हुआ है, जब भू-मध्य सागर के तट पर स्थित अंताल्या में विश्व नेता और पर्यावरण कार्यकर्ता जलवायु परिवर्तन को रोकने के उपायों पर बातचीत के लिए जुटे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774640 Articles

Share this story