ट्यूनीशिया की विपक्षी नेता ओल्फा हम्दी को चार साल की जेल

WhatsApp Channel Join Now

ट्यूनिस, 21 अक्टूबर (हि.स.)। ट्यूनीशिया की एक सैन्य अदालत ने विपक्षी नेता ओल्फा हम्दी को राज्य की सुरक्षा के खिलाफ साजिश रचने और सेना को आदेशों की अवहेलना के लिए उकसाने के आरोपों में चार साल जेल की सजा सुनाई है। उनके वकील अकरम मूसा ने बुधवार को यह जानकारी दी। यह मामला राष्ट्रपति कैस सईद के विरोधियों के खिलाफ जारी कानूनी कार्रवाई के बीच सामने आया है।

थर्ड रिपब्लिक पार्टी की प्रमुख हम्दी के पास अमेरिकी नागरिकता भी है। उन्हें फरवरी में विदेश से लौटने के बाद ट्यूनीशिया के मुख्य हवाई अड्डे पर हिरासत में लिया गया था। वह पहले विदेश में रह रही थीं और ट्यूनीशिया की राष्ट्रीय विमानन कंपनी ट्यूनिसएयर की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के रूप में भी काम कर चुकी हैं।

हम्दी राष्ट्रपति सईद के शासन की लगातार आलोचना करती रही हैं। उन्होंने देश में अंतरिम सरकार बनाने और समय से पहले राष्ट्रपति चुनाव कराने की मांग भी की है।

उनके वकील के मुताबिक, ताजा फैसले में दो अलग-अलग मामलों में दो-दो साल की कैद और कुल 80 हजार ट्यूनीशियाई दीनार (करीब 26 हजार डॉलर) का जुर्माना लगाया गया है। इससे पहले मार्च में एक अन्य मामले में भी हम्दी को दो साल जेल की सजा सुनाई गई थी।

ट्यूनीशिया में विपक्षी नेताओं के अलावा कई कार्यकर्ता और पत्रकार भी जेल में बंद हैं।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764673 Articles

Share this story