पूर्व खुफिया प्रमुख गबार्ड ने कोविड की उत्पत्ति पर उठाए सवाल, एंथोनी फौसी पर लगाए गंभीर आरोप
वाशिंगटन, 20 जून (हि.स.)। अमेरिका की राष्ट्रीय खुफिया निदेशक पद से विदाई के अवसर पर तुलसी गबार्ड ने कोविड-19 की उत्पत्ति और वुहान लैब से जुड़े मुद्दों पर कई गंभीर दावे किए हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने ऐसे संचार और दस्तावेज सार्वजनिक किए हैं, जिन्हें पहले कभी सामने नहीं लाया गया था।
सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर जारी अपने संदेश में गबार्ड ने आरोप लगाया कि पूर्व अमेरिकी स्वास्थ्य अधिकारी डॉ एंथोनी फौसी ने अमेरिकी करदाताओं के धन का उपयोग करते हुए वुहान स्थित प्रयोगशाला में जोखिमपूर्ण अनुसंधान परियोजनाओं को वित्तीय सहायता प्रदान की।
उन्होंने यह भी दावा किया कि कोविड-19 की उत्पत्ति से जुड़े तथ्यों को दबाने के लिए खुफिया तंत्र के कुछ राजनीतिक रूप से प्रभावित तत्वों की मदद ली गई। गबार्ड ने आरोप लगाया कि वायरस की संभावित प्रयोगशाला-उत्पत्ति संबंधी सिद्धांत को सार्वजनिक स्तर पर पर्याप्त महत्व नहीं दिया गया।
अपने बयान में तुलसी गबार्ड ने यह भी कहा कि फौसी ने वर्ष 2024 में कांग्रेस के समक्ष शपथ के तहत दिए गए बयान में गलत जानकारी दी। हालांकि इन आरोपों पर संबंधित पक्षों की प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

