ट्रंप की सबसे बड़ी चेतावनी- “आज रात खत्म हो सकती है पूरी सभ्यता”

WhatsApp Channel Join Now

- ईरान पर हमले के संकेत तेज

- अबतक 6 बार ईरान को डेडलाइन दे चुके हैं ट्रंप

वॉशिंगटन, 08 अप्रैल (हि.स.)। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर अब तक की सबसे कड़ी चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि यदि तय समयसीमा तक समझौता नहीं हुआ, तो “आज रात एक पूरी सभ्यता खत्म हो सकती है।” यह बयान ऐसे समय आया है जब स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर दोनों देशों के बीच तनाव चरम पर है।

ट्रंप ने ईरान को रात 8 बजे (ईस्टर्न टाइम) तक का अल्टीमेटम दिया है, जिसमें होर्मुज स्ट्रेट खोलने और युद्ध समाप्त करने के लिए समझौता करने की बात कही गई है। उन्होंने साफ संकेत दिए कि समयसीमा पूरी होते ही अमेरिका बड़े सैन्य कदम उठा सकता है।

हालांकि यह पहली बार नहीं है जब ट्रंप ने ईरान को डेडलाइन दी है। बीते कुछ हफ्तों में वे कई बार अलग-अलग समयसीमाएं तय कर चुके हैं। 21 मार्च को उन्होंने 48 घंटे में रास्ता खोलने की चेतावनी दी थी, जबकि 23 मार्च को बातचीत के चलते हमलों को अस्थायी रूप से टाल दिया गया।

इसके बाद 27 मार्च को डेडलाइन बढ़ाकर 06 अप्रैल कर दी गई, लेकिन हालात में सुधार नहीं हुआ। फिर 03 अप्रैल को फिर 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया गया और 05 अप्रैल को “पावर प्लांट डे” और “ब्रिज डे” जैसे संकेतों के साथ ईरान के अहम ढांचों पर हमले की चेतावनी दी गई।

अब 07 अप्रैल को ट्रंप का यह ताजा बयान अब तक का सबसे सख्त माना जा रहा है, जिसमें उन्होंने सीधे तौर पर बड़े पैमाने पर तबाही की आशंका जताई है।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story