ट्रंप की चेतावनी- अमेरिकी सैनिकों की मौत का कई गुना जवाब देंगे, ईरान ने भी खार्ग द्वीप को लेकर चेताया

WhatsApp Channel Join Now

वॉशिंगटन/तेहरान, 20 जुलाई (हि.स.)। ईरान के साथ बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि किसी अमेरिकी सैनिक की मौत ईरानी हमलों में होती है तो उसका जवाब कई गुना अधिक ताकत के साथ दिया जाएगा। वहीं, ईरान ने भी अमेरिकी धमकियों पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि यदि अमेरिका ने खार्ग द्वीप के खिलाफ कोई कार्रवाई की तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।

डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया मंच 'ट्रुथ सोशल' पर लिखा कि हर बार जब ईरान किसी अमेरिकी सैनिक की हत्या करेगा, तो उसका जवाब कई गुना अधिक दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस संबंध में रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ, जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के चेयरमैन डैनियल केन और सभी सैन्य कमांडरों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

अमेरिकी रक्षा विभाग के अनुसार, सप्ताहांत में हुए हमलों में तीन अमेरिकी सैनिकों की मौत हुई है। इनमें दो सैनिक जॉर्डन स्थित सैन्य अड्डे पर और एक उत्तरी इराक में मारा गया। जॉर्डन हमले वाली जगह से मिले कुछ अज्ञात मानव अवशेषों की भी जांच की जा रही है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

उधर, तेहरान में आयोजित एक पत्रकार वार्ता के दौरान ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने अमेरिकी राष्ट्रपति की खार्ग द्वीप पर कब्जे की कथित धमकी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यदि अमेरिका ऐसा कोई कदम उठाता है तो उसे उसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।

बघाई ने कहा, उन्हें इसके परिणामों का सामना करना पड़ेगा। उन क्षेत्रों में ऐसे बहुत से लोग हैं जो उनके आने का इंतजार कर रहे हैं। हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि ईरान किस प्रकार की जवाबी कार्रवाई कर सकता है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story