ट्रंप ने ईरान को दी चेतावनी, कहा- जल्द निर्णय ले, अन्यथा हो सकते हैं गंभीर परिणाम

WhatsApp Channel Join Now


वॉशिंगटन, 18 मई (हि.स.)। अमेरिका और ईरान के बीच जारी कूटनीतिक तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर तेहरान को सख्त संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि ईरान को वार्ता प्रक्रिया पर जल्द स्पष्ट निर्णय लेना चाहिए, क्योंकि बातचीत में लगातार हो रही देरी स्थिति को और जटिल बना सकती है।

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, ट्रंप प्रशासन का मानना है कि ईरान जानबूझकर वार्ताओं को लंबा खींच रहा है। अमेरिकी पक्ष की ओर से यह संकेत दिया गया है कि यदि निकट भविष्य में किसी समझौते की दिशा में ठोस प्रगति नहीं होती, तो हालात अधिक तनावपूर्ण हो सकते हैं।

राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने हालिया बयान में कहा कि अमेरिका लंबे समय तक अनिश्चितता की स्थिति में नहीं रहना चाहता। उन्होंने यह भी कहा कि अब निर्णय लेने का समय आ गया है और ईरान को अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

सूत्रों के मुताबिक, मंगलवार को व्हाइट हाउस में एक उच्चस्तरीय बैठक होने की संभावना है। इस बैठक में ईरान से जुड़े मुद्दों और आगे की अमेरिकी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की जा सकती है। रिपोर्टों के अनुसार, संभावित विकल्पों में कूटनीतिक दबाव बढ़ाने के साथ अन्य रणनीतिक कदमों पर भी विचार किया जा सकता है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story