होर्मुज जलडमरूमध्य पर सख्ती की चेतावनी, ट्रंप ने जहाजों की जांच का किया ऐलान

WhatsApp Channel Join Now


वॉशिंगटन, 12 अप्रैल (हि.स.)। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अमेरिकी नौसेना अब इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग से गुजरने वाले जहाजों पर कड़ी निगरानी रखेगी और जरूरत पड़ने पर उन्हें रोका भी जाएगा।

राष्ट्रपति ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर जारी संदेश में स्पष्ट किया कि विशेष रूप से उन जहाजों की जांच की जाएगी, जिन पर ईरान को कथित तौर पर टोल देने का संदेह होगा। उनके अनुसार, ऐसे भुगतान अंतरराष्ट्रीय नियमों के खिलाफ हैं और इससे ईरान की आर्थिक स्थिति को बल मिलता है, जिसे रोकना जरूरी है। उन्होंने चेतावनी दी कि जो जहाज ईरान को “गैरकानूनी टोल” देंगे, उन्हें सुरक्षित मार्ग की गारंटी नहीं दी जाएगी।

ट्रम्प के इस बयान को क्षेत्र में बढ़ते तनाव के संदर्भ में अहम माना जा रहा है। होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे व्यस्त तेल परिवहन मार्गों में से एक है, जहां से बड़ी मात्रा में कच्चा तेल वैश्विक बाजारों तक पहुंचता है।

ट्रम्प ने यह भी कहा कि अमेरिका हर परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार है और यदि हालात बिगड़ते हैं तो संघर्ष को समाप्त करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि संभावित कार्रवाई का स्वरूप क्या होगा।

अमेरिका के इस कदम से अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार पर असर पड़ सकता है। कई देशों की ऊर्जा आपूर्ति इस मार्ग पर निर्भर करती है, ऐसे में किसी भी प्रकार की सख्ती या नाकाबंदी से वैश्विक बाजार में अस्थिरता बढ़ सकती है।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story