ईरान के जॉर्डन हमले पर ट्रंप की चेतावनी, बोले- ‘अमेरिका जोरदार जवाब देगा’

WhatsApp Channel Join Now

वाशिंगटन, 31 अगस्त (हि.स.)। जॉर्डन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाकर ईरान की ओर से किए गए मिसाइल हमले के बाद अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने स्पष्ट किया है कि वाशिंगटन इस हमले का जवाब देगा और ईरान को इसकी कीमत चुकानी पड़ सकती है।

ट्रंप ने फॉक्स न्यूज से बातचीत में कहा कि अमेरिका ईरान पर ‘‘जोरदार हमला’’ करेगा। उन्होंने कहा, ‘‘हम उन्हें कड़ा जवाब देंगे। जवाब दिया जाएगा।’’

ट्रंप ने दावा किया कि ईरान की लगभग सभी मिसाइलों को अमेरिकी वायु रक्षा प्रणालियों ने रोक दिया। उनके मुताबिक, एक मिसाइल को जानबूझकर आगे बढ़ने दिया गया क्योंकि उसकी दिशा किसी महत्वपूर्ण लक्ष्य की ओर नहीं थी।

जॉर्डन की सेना के अनुसार, ईरान की ओर से दागी गई आठ मिसाइलों को उसके हवाई क्षेत्र में ही रोक लिया गया। ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने दावा किया कि उसने जॉर्डन स्थित किंग हुसैन और अल-अज्राक एयरबेस को निशाना बनाया। ईरानी पक्ष के मुताबिक, इन ठिकानों पर तकनीकी ढांचे, रखरखाव सुविधाओं और लड़ाकू विमानों से जुड़े ठिकानों को निशाना बनाया गया।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story