रूसी तेल पर प्रतिबंध का फैसला वैश्विक तेल कीमतों के आधार पर : ट्रंप

WhatsApp Channel Join Now

एवियां (फ्रांस), 17 जून (हि.स.)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने संकेत दिया है कि रूस के तेल निर्यात पर प्रतिबंधों को दोबारा सख्त करने का निर्णय वैश्विक तेल कीमतों की स्थिति को ध्यान में रखकर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दामों में हो रहे बदलावों पर अमेरिका करीबी नजर बनाए हुए है।

जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान पत्रकारों से बातचीत में ट्रम्प ने कहा कि तेल की कीमतों में हाल के दिनों में गिरावट देखी गई है और अमेरिका इस प्रवृत्ति का आकलन कर रहा है। उनके अनुसार, आगे की नीति तय करते समय ऊर्जा बाजार की स्थिरता और वैश्विक आपूर्ति की स्थिति महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

इस वर्ष अमेरिकी प्रशासन ने ऊर्जा आपूर्ति से जुड़ी चुनौतियों को देखते हुए रूसी तेल के कुछ निर्यातों पर लागू प्रतिबंधों में अस्थायी राहत दी थी। यह कदम वैश्विक ऊर्जा बाजार में आपूर्ति संबंधी दबावों को कम करने के उद्देश्य से उठाया गया था। हालांकि इस व्यवस्था की अवधि जल्द समाप्त होने वाली है और इसे लेकर वाशिंगटन की अगली रणनीति पर नजर बनी हुई है।

इससे पहले, जी-7 देशों के नेताओं ने हाल ही में जारी संयुक्त बयान में यूक्रेन के प्रति अपना समर्थन दोहराते हुए रूस पर आर्थिक दबाव बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया है। बयान में रूस के ऊर्जा क्षेत्र सहित विभिन्न क्षेत्रों पर प्रतिबंधों को मजबूत करने की बात कही गई है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story