पुतिन से ट्रंप की अपील, यूरोप में सैन्य आक्रामकता रोकें और यूक्रेन से करें समझौता

WhatsApp Channel Join Now


वाशिंगटन, 26 नवंबर (हि.स.)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से पूरे यूरोप में सैन्य आक्रामक गतिविधियां रोकने की अपील की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि रूस और यूक्रेन के बीच जल्द समझौता हो सकता है और इससे युद्ध में हो रही जनहानि पर विराम लगेगा।

ट्रंप ने नाटो महासचिव मार्क रुटे के साथ बातचीत के बाद सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया साझा की। उन्होंने बताया कि चीन में पुतिन के साथ हुई चर्चा के दौरान उन्होंने यूरोप के विभिन्न क्षेत्रों में रूस की सैन्य गतिविधियों को रोकने का मुद्दा उठाया था। ट्रंप के मुताबिक, उन्होंने पुतिन से कहा कि वह यूरोप के विभिन्न हिस्सों में जारी सैन्य आक्रामकता को समाप्त करें।

ट्रंप ने कहा कि उनकी अपील का उद्देश्य रूस और यूक्रेन के बीच जल्द समझौते की राह तैयार करना है। उन्होंने इसे एक मजबूत संभावना बताते हुए कहा कि हर महीने हजारों लोगों की जान जा रही है और युद्ध में भारी तबाही हो रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द समझौता होने से इस रक्तपात को रोका जा सकेगा।

ट्रंप की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब नाटो के पूर्वी हिस्से में स्थित एस्टोनिया, डेनमार्क और पोलैंड समेत कई देशों से जुड़े सुरक्षा घटनाक्रमों को लेकर रूस की गतिविधियों पर चिंता जताई जा रही है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783867 Articles

Share this story