ट्रम्प बोले—ईरान बातचीत चाहता है, लेकिन अब ‘बहुत देर’, पुतिन भी करेंगे तैहरान से सम्पर्क

WhatsApp Channel Join Now

वॉशिंगटन/मॉस्को, 03 मार्च (हि.स.)। अमेरिका-ईरान संघर्ष के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोना्ल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान अब बातचीत करना चाहता है, लेकिन इसके लिए “बहुत देर” हो चुकी है। ट्रम्प ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रूथ सोशल' पर पोस्ट करते हुए दावा किया कि ईरान का एयर डिफेंस, एयर फोर्स, नेवी और शीर्ष नेतृत्व गंभीर रूप से कमजोर हो चुका है।

हालांकि, इससे एक दिन पहले ट्रम्प ने कहा था कि वह ईरानी नेताओं से बातचीत के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा था, “वे बात करना चाहते हैं और मैं सहमत हूं, लेकिन उन्हें यह पहले करना चाहिए था।” जंग शुरू होने से पहले दोनों देशों के बीच तीन दौर की वार्ता भी हो चुकी थी।

ईरान अंधाधुंध मिसाइलें दाग रहा

वहीं, अमेरिका ने आरोप लगाया है कि ईरान अंधाधुंध मिसाइलें दाग रहा है। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, ईरान मोबाइल लॉन्चर के जरिए अलग-अलग जगह से मिसाइलें लॉन्च कर मिडिल-ईस्ट में ज्यादा से ज्यादा नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहा है।

अमेरिकी सेना ने कहा है कि वे इन खतरों को ढूंढकर बिना किसी हिचक के खत्म कर रहे हैं। बयान में कहा गया कि जहां भी मोबाइल लॉन्चर से हमले का खतरा मिलता है, वहां तुरंत कार्रवाई की जा रही है। सेना ने एक वीडियो भी जारी किया है।

पुतिन करेंगे ईरान से संपर्क

उधर, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने संकेत दिया है कि वह ईरान से सीधे बातचीत करेंगे। क्रेमलिन के अनुसार, पुतिन खाड़ी देशों की बढ़ती चिंताओं को तेहरान तक पहुंचाएंगे।

पुतिन ने सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान और कतर के अमीर तमीम बिन हमद अल थानी से फोन पर चर्चा की, जिसमें संघर्ष के विस्तार और संभावित गंभीर परिणामों पर चिंता जताई गई।

क्रेमलिन प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा कि रूस तनाव कम करने के लिए हरसंभव कूटनीतिक प्रयास करेगा। हालिया हमलों में सऊदी रिफाइनरी, यूएई के फुजैराह ऊर्जा केंद्र और कतर के रस लाफान एलएनजी सुविधा प्रभावित होने से वैश्विक ऊर्जा बाजार में भी अस्थिरता बढ़ गई है।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story