ट्रंप ने ईरानी सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई की मौत की अटकलों पर जताया संदेह

WhatsApp Channel Join Now

वॉशिंगटन, 26 अगस्त (हि.स.)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई की मौत की अटकलों को लेकर बड़ा बयान दिया है। ट्रंप ने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि खामेनेई की मौत हुई है, हालांकि वह गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

रूढ़िवादी रेडियो होस्ट 'ग्लेन बेक' के साथ एक फोन इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा कि खामेनेई को शरीर के बाएं हिस्से में गंभीर चोटें आई हैं। उनके हाथ और पैर समेत शरीर का बड़ा हिस्सा प्रभावित हुआ है। इसके बावजूद ट्रंप ने कहा कि उन्हें विश्वास नहीं है कि ईरानी सुप्रीम लीडर की मौत हो चुकी है।

ट्रंप ने यह भी संकेत दिया कि यदि खामेनेई की मौत हो गई है, तो ईरानी अधिकारी संभवतः इसे सार्वजनिक किए बिना उनके जीवित होने का आभास बनाए रखने की कोशिश कर रहे होंगे। उन्होंने दावा किया कि ईरान में महत्वपूर्ण फैसलों के लिए अब भी उनसे सलाह ली जाती है और अंतिम मंजूरी लेने की बात सामने आती है।

अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान के साथ जारी संघर्ष के परिणाम को लेकर भी भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि अमेरिका की आर्थिक ताकत बेहद मजबूत है और मौजूदा प्रयास एक बड़ी जीत की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है, जब ईरानी नेतृत्व और मोजतबा खामेनेई की स्थिति को लेकर कई तरह की अटकलें चल रही हैं। हालांकि, उनकी हालत या मौत को लेकर स्वतंत्र रूप से स्पष्ट पुष्टि सामने नहीं आई है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story