ट्रम्प का पोप और मेलोनी पर तीखा हमला, ईरान के परमाणु मुद्दे पर बढ़ा विवाद
वॉशिंगटन/रोम, 14 अप्रैल (हि.स.)। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के परमाणु खतरे को लेकर पोप लियो पर निशाना साधते हुए कहा कि पोप इस विषय को ठीक से नहीं समझते। एक इतालवी अखबार को दिए इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा कि पोप को युद्ध जैसे संवेदनशील मुद्दों पर टिप्पणी नहीं करनी चाहिए।
ट्रंप ने कहा, “उन्हें इस स्थिति की पूरी जानकारी नहीं है और उन्हें इस विषय पर बोलना नहीं चाहिए।” उनका यह बयान ऐसे समय आया है जब पोप हाल के दिनों में ईरान से जुड़े संघर्ष और युद्ध को लेकर आलोचनात्मक रुख अपनाते रहे हैं।
इसी दौरान ट्रम्प ने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी पर भी तीखा हमला किया। मेलोनी ने पहले ट्रम्प के पोप को लेकर दिए गए बयान को “अस्वीकार्य” बताया था, जिस पर प्रतिक्रिया देते हुए ट्रंप ने कहा कि मेलोनी ही गलत हैं क्योंकि वे ईरान के संभावित परमाणु खतरे को गंभीरता से नहीं ले रहीं।
ट्रंप ने यहां तक कहा कि यदि ईरान के पास परमाणु हथियार हो जाएं, तो वह इटली को कुछ ही मिनटों में निशाना बना सकता है। उन्होंने इटली द्वारा अमेरिका के साथ ईरान के खिलाफ कार्रवाई में पर्याप्त समर्थन न देने पर भी नाराजगी जताई।
दूसरी ओर, मेलोनी ने अपने रुख का बचाव करते हुए कहा कि मित्र देशों के बीच मतभेद होना स्वाभाविक है और सही समय पर असहमति जताना ही मजबूत संबंधों की पहचान है।
इटली के विदेश मंत्री एंटोनियो ताजानी ने भी मेलोनी का समर्थन करते हुए कहा कि वह हमेशा अपने विचार स्पष्ट रूप से रखने वाली नेता हैं और इस मुद्दे पर उन्होंने वही कहा है, जो इटली के अधिकांश नागरिक सोचते हैं।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

