ट्रंप बोले- ईरान समझौते में जल्दबाजी नहीं, बंदरगाहों की नाकेबंदी जारी रहेगी

WhatsApp Channel Join Now


वॉशिंगटन, 24 मई (हि.स.)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका ईरान के साथ किसी भी समझौते को लेकर जल्दबाजी नहीं करेगा। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि जब तक कोई ठोस समझौता नहीं होता ईरानी बंदरगाहों पर लागू नाकेबंदी प्रभावी रहेगी। ट्रंप के इस बयान को पश्चिम एशिया में जारी कूटनीतिक गतिविधियों के बीच महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

सोशल मीडिया पर जारी अपने संदेश में ट्रंप ने कहा कि दोनों पक्षों के बीच बातचीत व्यवस्थित और सकारात्मक तरीके से आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि अमेरिकी प्रतिनिधियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वार्ता प्रक्रिया में जल्दबाजी न की जाए। उनके अनुसार, किसी भी समझौते में सावधानी और संतुलन जरूरी है क्योंकि जल्दबाजी में लिया गया फैसला भविष्य में गंभीर परिणाम पैदा कर सकता है।

ट्रंप ने एक बार फिर दोहराया कि अमेरिका की प्राथमिक चिंता ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर है। उन्होंने कहा कि अमेरिका यह सुनिश्चित करना चाहता है कि ईरान किसी भी प्रकार के परमाणु हथियार के विकास या उसकी प्राप्ति की दिशा में आगे न बढ़े।

हाल के दिनों में अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत को लेकर सकारात्मक संकेत भी सामने आए हैं। इससे पहले ट्रम्प ने दावा किया था कि दोनों पक्षों के बीच समझौते की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है और क्षेत्र में तनाव कम करने के प्रयास जारी हैं।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story