ट्रंप का दावा- होर्मुज स्ट्रेट खोलने से चीन खुश, वैश्विक तेल सप्लाई को मिलेगा फायदा

WhatsApp Channel Join Now

वॉशिंगटन, 15 अप्रैल (हि.स)। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि चीन, अमेरिका के उस प्रयास से संतुष्ट है, जिसके तहत होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से पूरी तरह खोलने की कोशिश की जा रही है।

ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर कहा कि उनकी सरकार इस अहम समुद्री मार्ग को स्थायी रूप से चालू रखने के लिए काम कर रही है। उन्होंने इसे वैश्विक हित में उठाया गया कदम बताया। उन्होंने कहा कि इससे दुनियाभर में तेल आपूर्ति सुचारू बनी रहेगी।

राष्ट्रपति ट्रंप के अनुसार होर्मुज जलडमरूमध्य वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसकी निर्बाध आवाजाही से कई देशों को लाभ होगा। उन्होंने यह भी कहा कि चीन, जो दुनिया के बड़े तेल आयातकों में से एक है, इस पहल से खुश है और इसे सकारात्मक रूप में देख रहा है।

ट्रंप ने अपने बयान में अमेरिका और चीन के बीच सहयोग पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच मिलकर काम करना टकराव की तुलना में अधिक बेहतर है। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण होती हैं, तो अमेरिका अपने हितों की रक्षा के लिए पूरी मजबूती से कदम उठाने को तैयार है।

होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर अमेरिका की यह रणनीति वैश्विक बाजारों और ऊर्जा सुरक्षा पर सीधा प्रभाव डाल सकती है। यह क्षेत्र पहले से ही तनाव का केंद्र बना हुआ है, ऐसे में किसी भी बड़े कदम के दूरगामी परिणाम हो सकते हैं।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story