ईरान पर नए हमलों को लेकर ट्रंप ने नहीं लिया फैसला : रुबियो

WhatsApp Channel Join Now

अटलांटा, 31 अक्टूबर (हि.स.)। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर नए सैन्य हमले करने को लेकर अभी कोई फैसला नहीं लिया है। ईरान के साथ शांति वार्ता में गतिरोध के बीच अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ट्रंप कूटनीतिक समाधान को प्राथमिकता देते हैं, लेकिन जरूरत पड़ने पर सैन्य कार्रवाई का विकल्प भी मौजूद है।

जी-20 की बैठक से इतर अटलांटा में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में रुबियो ने कहा कि अमेरिका सैन्य कार्रवाई के जरिए अपने उद्देश्यों को हासिल करने में सक्षम है, लेकिन राष्ट्रपति ने इस संबंध में अभी कोई निर्णय नहीं किया है।

रुबियो ने कहा कि ट्रंप विवाद का शांतिपूर्ण और कूटनीतिक समाधान चाहते हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि सैन्य कार्रवाई की जरूरत पड़ी तो अमेरिका ऐसा करने की क्षमता रखता है। उन्होंने कहा कि वाशिंगटन की प्राथमिकता बातचीत के जरिए समाधान निकालना है।

ईरान के रुख पर टिप्पणी करते हुए रुबियो ने आरोप लगाया कि तेहरान का कहना है कि उसकी मांगें पूरी नहीं होने पर वह न केवल जहाजों को निशाना बनाएगा, बल्कि पड़ोसी देशों और पूरे क्षेत्र के ऊर्जा ढांचे को भी नष्ट कर देगा। रुबियो ने कहा कि इस तरह की धमकियों को सामान्य व्यवहार मानकर नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।

------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770294 Articles

Share this story