ट्रंप ने होर्मुज जलडमरूमध्य का नाम बदलकर ‘ट्रंप स्ट्रेट’ करने की इच्छा जताई

WhatsApp Channel Join Now


वाशिंगटन, 03 सितंबर (हि.स.)। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य का नाम बदलकर ‘ट्रंप स्ट्रेट’ रखने का सुझाव दिया है। ट्रंप ने दावा किया कि इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग पर अब अमेरिका का नियंत्रण है। उनका यह बयान ऐसे समय आया है जब ईरान के साथ अमेरिका का करीब छह महीने पुराना संघर्ष जारी है और क्षेत्र में तनाव बना हुआ है।

ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया मंच ‘ट्रुथ सोशल’ पर लिखा कि जब यह जलडमरूमध्य अमेरिका के नियंत्रण में है तो इसका नाम ‘होर्मुज स्ट्रेट’ से बदलकर ‘ट्रंप स्ट्रेट’ क्यों न कर दिया जाए। उन्होंने इसे अमेरिका की तरह और अधिक प्रभावशाली नाम बताते हुए अपनी बात रखी।

इसके कुछ समय बाद व्हाइट हाउस ने भी सोशल मीडिया पर फारस की खाड़ी का एक नक्शा साझा किया, जिसमें होर्मुज जलडमरूमध्य को ‘ट्रंप स्ट्रेट’ के नाम से चिह्नित किया गया था। पोस्ट में कहा गया कि इस नाम का अपना एक अलग आकर्षण है।

ट्रंप का यह सुझाव भौगोलिक स्थलों के नाम बदलने को लेकर उनके हालिया रुख की कड़ी का हिस्सा है। अपने दूसरे कार्यकाल में कई भौगोलिक नामों को बदलने की पहल ट्रंप ने की है। इनमें मैक्सिको की खाड़ी का नाम बदलकर ‘गल्फ ऑफ अमेरिका’ करना और उत्तरी अमेरिका की सबसे ऊंची चोटी डेनाली का नाम फिर से ‘माउंट मैकिन्ले’ करना शामिल है। हाल में उन्होंने कनाडा के साथ व्यापारिक तनाव के बीच लेक ओंटारियो का नाम ‘लेक अमेरिका’ करने संबंधी आदेश भी जारी किया था।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story