ट्रंप के आशीर्वाद से पैक्सटन ने टेक्सास अमेरिकी सीनेट का प्राइमरी चुनाव जीता, रिपब्लिकन उम्मीदवार को हराया

WhatsApp Channel Join Now


वाशिंगटन, 27 मई (हि.स.)। अमेरिका के टेक्सास राज्य के अटॉर्नी जनरल केन पैक्सटन ने अमेरिकी सीनेट के प्राइमरी चुनाव में मंगलवार को मौजूदा रिपब्लिकन सीनेटर जॉन कॉर्निन को हरा दिया। केन पैक्सटन को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का बेहद करीबी और कट्टर सहयोगी माना जाता है। वह टेक्सास से अमेरिकी सीनेट की सीट के लिए उम्मीदवार हैं। ट्रंप पार्टी के भीतर से अपने विरोधियों को छांट-छांट कर बाहर का रास्ता दिखा रहे हैं।

सीबीएस न्यूज और सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार केन पैक्सटन को यह जीत ट्रंप के आशीर्वाद से हासिल हुई है। हालांकि मार्च के शुरुआती मुकाबले में जॉन कॉर्निन मामूली बढ़त पर थे। ट्रंप के केन पैक्सटन को दिए गए खुले समर्थन ने कॉर्निन को गहरा झटका दिया। रिपब्लिकन नामांकन हासिल करने के बाद अब पैक्सटन का मुकाबला डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार जेम्स टालारिकों से होगा।

पैक्सटन को डेमोक्रेटिक पार्टी की संघीय सरकारों मसलन जो बाइडन प्रशासन की नीतियों का मुखर विरोधी माना जाता है। उन्होंने कई मौकों पर संघीय सरकार के फैसलों को अदालतों में चुनौती दी है। वह आव्रजन, सीमा सुरक्षा और रिपब्लिकन पार्टी के पारंपरिक नीतियों का पुरजोर समर्थन करते हैं। प्राइमरी चुनाव में केन पैक्सटन को ट्रंप और जमीनी रिपब्लिकन मतदाताओं का मजबूत साथ मिला।

पैक्सटन को महाभियोग का सामना भी करना पड़ा है। उन पर अपने पद का दुरुपयोग करने, वित्तीय हेरफेर और एक निजी संबंध को छुपाने के लिए छद्म नामों और कई सेलफोन का उपयोग करने के गंभीर आरोप लग चुके हैं। उनके आगामी प्रतिद्वंद्वी डेमोक्रेट उम्मीदवार जेम्स टालारिको उन्हें अमेरिका का सबसे भ्रष्ट राजनेता कहकर उनकी आलोचना कर चुके हैं। उनके खिलाफ राजनीतिक, नागरिक और प्रतिभूति से जुड़ी अनेक जांच चल रही हैं। इस चुनाव में शुरुआती दौर में उनके खिलाफ पार्टी के अंदर और बाहर काफी विरोध हुआ, लेकिन ट्रंप के अटूट समर्थन और दक्षिणपंथी मतदाताओं के बीच मजबूत पकड़ के कारण वह टेक्सास की राजनीति का बेहद शक्तिशाली चेहरा बने हुए हैं।

इस साल नवंबर में होने वाले चुनाव में पैक्सटन का मुकाबला डेमोक्रेटिक उम्मीदवार जेम्स टालारिको से होगा। टेक्सास में 1994 के बाद से किसी भी डेमोक्रेट ने राज्यस्तरीय चुनाव नहीं जीता है। अपनी जीत की पार्टी में पैक्सटन ने ट्रंप को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद देते हुए कहा, जब वाशिंगटन में हर किसी ने उनसे कहा कि वे मुझे और टेक्सास के लोगों को छोड़ दें, तो उन्होंने किसी की नहीं सुनी। राष्ट्रपति ट्रंप हमारे नेता हैं। मेरे लिए उनका समर्थन राजनीति में सबसे शक्तिशाली ताकत है। दूसरी ओर पैक्सटन से हारने के बाद कॉर्निन ने मंगलवार रात अपने समर्थकों से कहा कि वह आम चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवारों का समर्थन करेंगे। कार्निन चार बार सीनेटर का चुनाव जीते हैं। उन्हें मार्च में पैक्सटन और प्रतिनिधि वेस्ली हंट के साथ हुए त्रिकोणीय प्राइमरी मुकाबले में सबसे ज्यादा वोट मिले थे।

ट्रंप इस चुनाव में पिछले हफ्ते सक्रिय हुए। उन्होंने पैक्सटन को अपना खुला समर्थन दिया। उन्होंने ट्रुथ सोशल पर लिखा कि अटॉर्नी जनरल हमेशा मेरे प्रति बेहद वफादार रहे हैं। वह सच्चे रिपब्लिकन हैं। उन्होंने कहा कि कॉर्निन व्यक्ति अच्छे हैं, लेकिन मुश्किल समय में उनका साथ नहीं दिया। अमेरिका के इतिहास में इस प्राइमरी मुकाबले को सबसे महंगा चुनाव बताया जा रहा है। पैक्सटन को हराने के लिए लाखों डॉलर फूंके गए हैं।

यह ट्रंप समर्थित किसी ऐसे उम्मीदवार की ताजा जीत है जिसने पार्टी के मौजूदा सांसद का मुकाबला किया। पैक्सटन पहली बार 2014 में टेक्सास के अटॉर्नी जनरल चुने गए थे। पद संभालने के तत्काल बाद उन्होंने ओबामा प्रशासन का जोरदार विरोध किया और इसके बाद वह ट्रंप के करीबी सहयोगी बन गए। रिपब्लिकन पार्टी में उनकी ताकत बढ़ती गई। उन्होंने 2020 के चुनाव में पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन की जीत को चुनौती देने के लिए पेंसिल्वेनिया, मिशिगन, जॉर्जिया और विस्कॉन्सिन में मुकदमा भी दायर किया। हालांकि उस मुकदमे को अमेरिका के उच्चतम न्यायालय ने खारिज कर दिया था।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Share this story