ट्रंप का दावा, साल के अंत तक इजराइल को सैन्य मदद देना बंद करेगा अमेरिका

WhatsApp Channel Join Now


वॉशिंगटन, 03 नवंबर (हि.स.)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि अमेरिका इस साल के अंत तक इजराइल को दी जाने वाली सैन्य सहायता पूरी तरह बंद कर देगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ इस संबंध में समझौता हो चुका है और इजराइल भी इस फैसले के लिए तैयार है।

ट्रंप ने फॉक्स न्यूज को फोन पर दिए साक्षात्कार में कहा कि अमेरिका इजराइल को हर साल करीब चार अरब डॉलर की सहायता देता है, लेकिन अब इसे रोकने पर सहमति बन गई है। उन्होंने कहा कि इजराइल आर्थिक और सैन्य रूप से सफल देश बन चुका है और उसे अब इस मदद की जरूरत नहीं है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जरूरत पड़ने पर अमेरिका इजराइल की सहायता करता रहेगा और उसे अपना करीबी सहयोगी मानता है।

हालांकि अमेरिका और इजराइल के बीच सैन्य सहायता को लेकर हुआ 10 साल का समझौता 2028 के अंत तक प्रभावी है। इसके तहत इजराइल को हर साल 3.8 अरब डॉलर की सैन्य सहायता दी जाती है।

दूसरी ओर, नेतन्याहू पहले भी सार्वजनिक रूप से कह चुके हैं कि इजराइल भविष्य में अमेरिकी सैन्य सहायता पर अपनी निर्भरता समाप्त करना चाहता है। हालांकि, उनकी योजना इसे अचानक बंद करने के बजाय अगले दशक में धीरे-धीरे खत्म करने की रही है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771916 Articles

Share this story