ईरान पर ट्रंप का हमला, बोले- शांति वार्ता को लेकर तेहरान 'बेहद दोहरा रवैया' अपना रहा

WhatsApp Channel Join Now

वॉशिंगटन, 03 अगस्त (हि.स.)। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर शांति वार्ता को लेकर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि तेहरान सार्वजनिक रूप से बातचीत से इनकार कर रहा है, जबकि पर्दे के पीछे दोनों देशों के बीच महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा जारी है।

ट्रंप ने सोमवार को सोशल मीडिया पर लिखा, ईरान का नेतृत्व अविश्वसनीय रूप से दोहरा व्यवहार कर रहा है। वे बैठक की मांग करते हैं, बातचीत शुरू होती है, आगे की बैठकों का कार्यक्रम भी तय होता है, लेकिन फिर सार्वजनिक रूप से कहते हैं कि कोई चर्चा नहीं हो रही और वे केवल ओमान से बात कर रहे हैं।

राष्ट्रपति ट्रंप की यह टिप्पणी उस समय आई है, जब ईरान ने कहा कि सोमवार को ओमान में हुई बैठकें केवल हॉर्मुज जलडमरूमध्य के जरिए सुरक्षित समुद्री आवाजाही सुनिश्चित करने के अस्थायी तंत्र पर केंद्रित थीं।

इससे पहले, ट्रंप ने कहा था कि उन्होंने सप्ताहांत में ईरान पर प्रस्तावित बड़े सैन्य हमले को इसलिए टाल दिया, क्योंकि युद्धविराम और हॉर्मुज जलडमरूमध्य को तेल एवं प्राकृतिक गैस के जहाजों के लिए पूरी तरह खोलने संबंधी एक वैकल्पिक रूपरेखा पर काम चल रहा था।

ट्रंप ने अपने बयान में यह भी कहा कि ईरान चाहे इसे स्वीकार करे या नहीं, लेकिन दोनों पक्षों के बीच ईरान के परमाणु हथियार विकसित करने की संभावनाओं को रोकने के मुद्दे पर बातचीत वास्तव में जारी है।

हालांकि, ईरान की ओर से अब तक ट्रंप के इन ताजा आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story