ट्रंप की चेतावनी- होर्मुज में जहाजों पर हमला करने पर ईरान के पुल या बिजली संयंत्र को निशाना बनाएगा अमेरिका
वॉशिंगटन, 22 जुलाई (हि.स.)। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को एक बार फिर चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि होर्मुज जलडमरूमध्य में किसी भी जहाज पर ईरान हमला करता है, तो अमेरिका जवाबी कार्रवाई में ईरान के एक पुल या बिजली संयंत्र को निशाना बनाएगा।
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया मंच 'ट्रुथ सोशल' पर पोस्ट करते हुए कहा कि यदि ईरान किसी जहाज पर मिसाइल, रॉकेट, ड्रोन या किसी अन्य हथियार से हमला करता है, तो अमेरिका तुरंत जवाब देगा। उन्होंने लिखा कि हर ऐसे हमले के बदले ईरान के एक पुल या पावर प्लांट को नष्ट कर दिया जाएगा, चाहे वह तेहरान के आसपास ही क्यों न स्थित हो।
यह बयान ऐसे समय आया है, जब पिछले महीने हुए अंतरिम युद्धविराम समझौते के कमजोर पड़ने के बाद अमेरिका और ईरान के बीच तनाव फिर से बढ़ गया है। दोनों देशों के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर सैन्य गतिविधियां तेज हो गई हैं, जिससे क्षेत्र में व्यापक संघर्ष की आशंका बढ़ गई है।
हालांकि, ट्रंप की ओर से जारी इस बयान के बाद किसी नई सैन्य कार्रवाई की घोषणा नहीं की गई है। वहीं, ईरान की ओर से भी ट्रंप के ताजा बयान पर तत्काल आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

