थाईलैंड में मालगाड़ी-बस की टक्कर में आठ लोगों की मौत, 32 घायल

WhatsApp Channel Join Now

बैंकॉक, 16 मई (हि.स.)। थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में शनिवार को एक दर्दनाक रेल हादसे में कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 32 अन्य घायल हो गए। यह दुर्घटना उस समय हुई जब एक मालगाड़ी रेलवे क्रॉसिंग पर खड़ी एक सार्वजनिक बस से टकरा गई। टक्कर के बाद बस में भीषण आग लग गई, जिसने आसपास मौजूद कुछ अन्य वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया।

अधिकारियों के अनुसार हादसा एयरपोर्ट रेल लिंक के मक्कासन स्टेशन के पास हुआ। दुर्घटना के बाद मौके पर तुरंत दमकल और राहत-बचाव दल पहुंचा और आग बुझाने के साथ घायलों को बाहर निकालने का अभियान शुरू किया गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस रेलवे ट्रैक पर लाल सिग्नल के कारण रुकी हुई थी, जिससे रेलवे क्रॉसिंग के सुरक्षा बैरियर पूरी तरह बंद नहीं हो सके। इसी दौरान कंटेनर लेकर जा रही मालगाड़ी समय रहते नहीं रुक सकी और बस से जा टकराई।

उप परिवहन मंत्री सिरिपोंग अंगकासाकुलकियात ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले सभी आठ लोग बस में सवार थे। घायलों को इलाज के लिए विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के तुरंत बाद आग लग गई और कई वाहन ट्रैक के आसपास फंस गए। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में ट्रेन को बस और अन्य वाहनों को पटरी के साथ घसीटते हुए देखा गया।

राहत कर्मियों ने आग पर काबू पाने के बाद क्षेत्र को सुरक्षित करने, गैस रिसाव रोकने और मलबे में फंसे लोगों की तलाश का काम जारी रखा। फिलहाल अधिकारी दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर रहे हैं।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story